भरतपुर

Rajasthan BJP : डीग को मिलेगा नया भाजपा जिलाध्यक्ष, भरतपुर में बदलेगा चेहरा! RSS पृष्ठभूमि वाले पर लग सकता है दांव

Rajasthan BJP : भाजपा जल्द ही राजस्थान के 8 जिलों में नए जिलाध्यक्षों की घोषणा कर सकती है। डीग को नया जिलाध्यक्ष, तो भरतपुर में भी बदलेगा चेहरा! डीग में संघ पृष्ठभूमि वाले चेहरे पर दांव लगा सकते हैं।
2 min read
Rajasthan Deeg Bharatpur will get a new BJP district president soon
Rajasthan BJP : फाइल फोटो पत्रिका

Rajasthan BJP : भारतीय जनता पार्टी के संगठनात्मक पुनर्गठन के बीच डीग जिले में नए जिलाध्यक्ष की नियुक्ति को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। पार्टी जल्द ही प्रदेश के 8 जिलों में नए जिलाध्यक्षों की घोषणा कर सकती है। डीग भाजपा का नेतृत्व किसके हाथ में जाएगा, इसको लेकर संगठन और कार्यकर्ताओं के बीच चर्चाओं का दौर चरम पर है। उधर, भरतपुर में भी जिलाध्यक्ष का चेहरा बदलने की संभावनाएं प्रबल बताई जा रही है। डीग में जिलाध्यक्ष पद के लिए कई नेताओं ने अपनी सक्रियता बढ़ा दी है और पार्टी के भीतर लॉबिंग भी तेज हो गई है।

सूत्रों के अनुसार डीग भाजपा जिलाध्यक्ष पद की दौड़ में भाजपा से जुड़े कई नेता दौड़ में है। सभी दावेदार अपने-अपने संगठनात्मक अनुभव, सामाजिक समीकरण और कार्यकर्ता आधार को मजबूत बताकर नेतृत्व की दौड़ में आगे निकलने का प्रयास कर रहे है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि डीग जिले में आगामी चुनावी रणनीति और संगठन विस्तार को ध्यान में रखते हुए भाजपा नेतृत्व किसी ऐसे चेहरे को जिम्मेदारी सौंप सकता है, जो कार्यकर्ताओं और संगठन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर सके। इसी वजह से इस बार केवल राजनीतिक प्रभाव ही नहीं, बल्कि संगठन के प्रति लंबे समय से सक्रिय और समर्पित कार्यकर्ताओं को भी प्राथमिकता मिलने की संभावना जताई जा रही है।

सूत्रों का दावा है कि जिलाध्यक्ष चयन में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की पृष्ठभूमि से जुड़े किसी कार्यकर्ता की ताजपोशी की संभावना प्रबल मानी जा रही है। यदि ऐसा होता है तो संगठनात्मक कार्यों में लंबे समय से सक्रिय किसी चेहरे को जिम्मेदारी मिल सकती है। प्रदेश नेतृत्व भी ऐसे व्यक्ति की तलाश में है, जो बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने की क्षमता रखता हो। ऐसे में आरएसएस पृष्ठभूमि वाले व्यक्ति की तलाश तेज हो गई है।

डीग के साथ भरतपुर में भी नए चेहरे की ताजपोशी

डीग जिले को भाजपा का पहला जिलाध्यक्ष मिलेगा। ऐसे में यहां चेहरों को लेकर चर्चाओं का दौर तेज है। डीग में संघ पृष्ठभूमि वाले व्यक्ति का नाम दौड़ में सबसे आगे बताया जा रहा है। हालांकि इससे इतर नाम भी खूब चर्चा में हैं। वहीं प्रदेश स्तर पर भी प्रदेशाध्यक्ष का बदलना तय माना जा रहा है। प्रदेशाध्यक्ष बदलने के बाद भरतपुर में भी नए चेहरे को जिलाध्यक्ष बनाया जा सकता है।

मंत्री-विधायक की राय भी अहम

सूत्रों के मुताबिक डीग में राज्यमंत्री जवाहर सिंह बेढम और डीग कुम्हेर विधायक डॉ. शैलेष सिंह की राय भी इस नियुक्ति प्रक्रिया में महत्वपूर्ण मानी जा रही है। दोनों नेताओं का जिले की राजनीति और संगठन पर प्रभाव होने के कारण उनके सुझावों को प्रदेश नेतृत्व गंभीरता से ले सकता है।

राजनीतिक गलियारों में यह चर्चा जोरों पर है कि डीग भाजपा को जल्द ही नया नेतृत्व मिलने वाला है। अब सभी की निगाहें प्रदेश नेतृत्व के अंतिम फैसले पर टिकी है, जो यह तय करेगा कि जिले की भाजपा संगठन की कमान किस नेता के हाथों में सौंपी जाएगी।

Published on:
26 Jun 2026 12:30 pm