
डीग। राजस्थान के डीग जिले में महिला की हत्या के मामले में अब घटना का वीडियो सामने आया है। जनुथर थाना क्षेत्र के मवई गांव में हुई इस वारदात का सीसीटीवी फुटेज पुलिस के हाथ लगा है, जिसमें महिला और आरोपी के बीच विवाद के बाद फायरिंग की घटना कैद होने की बात सामने आई है। पुलिस ने वीडियो को जब्त कर उसे जांच का अहम साक्ष्य बनाया है।
जानकारी के अनुसार, मवई गांव निवासी 55 वर्षीय गीता देवी रविवार सुबह अपनी बेटी के साथ खेत से पशुओं के लिए चारा लेकर घर लौट रही थीं। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाला युवक वहां पहुंच गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों पक्षों के बीच पहले से चला आ रहा विवाद एक बार फिर बढ़ गया और देखते ही देखते मामला हिंसक हो गया।
सामने आए वीडियो में दिखाई देता है कि महिला हाथ में लकड़ी लेकर आरोपी की ओर बढ़ती है। इसी दौरान आरोपी अवैध हथियार निकालकर फायर कर देता है। गोली लगते ही महिला सड़क पर गिर जाती है। घटना के समय उनकी बेटी भी वहीं मौजूद थी, जिसने मां को बचाने की कोशिश की, लेकिन आरोपी मौके से भागने लगा। बाद में ग्रामीणों ने उसे पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
मृतका की बेटी ने पुलिस को बताया कि आरोपी युवक अक्सर उनके घर के मुख्य गेट के सामने खड़ा रहता था। रविवार सुबह भी इसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी। आरोप है कि विवाद के दौरान महिला ने युवक को थप्पड़ मार दिया था, जिसके बाद उसने पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी थी। कुछ समय बाद वह वापस लौटा और वारदात को अंजाम दे दिया।
गोली लगने के बाद परिजन घायल महिला को तुरंत भरतपुर के आरबीएम अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी।
डीग पुलिस का कहना है कि घटना से जुड़ा वीडियो और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य जब्त कर लिए गए हैं। आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस पूरे घटनाक्रम, विवाद की पृष्ठभूमि और फायरिंग की परिस्थितियों की विस्तृत जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।