
भरतपुर. भरतपुर जिला प्रमुख पद की दावेदारी कर रही पूर्व विधायक गुटयारीलाल की बेटी का नाम दो राज्यों की मतदाता सूची में होने का मामला सामने आया है। खुद पूर्व मंत्री व डीग-कुम्हेर के पूर्व विधायक विश्वेंद्र सिंह ने यह मुद्दा उठाया है। साथ ही आरोप है कि पूर्व विधायक की पुत्री पूजा दुबेश ने बैंक खाता व किरायानामा को स्थानीय निवासी होने का आधार बनाया है। पूजा दुबेश वार्ड 22 से जिला परिषद् सदस्य पद की भाजपा प्रत्याशी है। पूर्व मंत्री सिंह ने इसको लेकर सोशल मीडिया पर तीन पोस्ट की। पोस्ट के बाद भाजपा में भी हडकंप मचा हुआ है। ज्ञात रहे कि पूर्व विधायक गुटयारी ने वर्ष 2007 से 2012 तक उत्तर प्रदेश की आगरा पश्चिम, वर्ष 2012 से 2017 तक आगरा कैंट से बसपा से चुनाव जीता था। 12 मार्च 2019 को उन्होंने बहुजन समाज पार्टी छोडकर भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।
पूर्व मंत्री विश्वेंद्र सिंह ने एक पोस्ट में कहा है कि आगरा (उत्तर प्रदेश) से पूर्व विधायक गुटियारी सिंह की पुत्री पूजा दुबेश भाजपा का टिकट लेकर भरतपुर का जिला प्रमुख बनने का ख्वाब देख रही है, ऐसे बाहरी लोगों ने तत्काल में अपना नाम वोटर लिस्ट में जुड़वाया है। पूजा दुवेश का नाम दो-दो राज्यों उत्तर प्रदेश और राजस्थान की वोटर लिस्ट में शामिल है, जो कि सरासर नियमों के विरुद्ध और लोकतंत्र के साथ धोखा है। जिला प्रशासन से आग्रह करता हूं कि ऐसे फर्जी मतदाताओं के खिलाफ तत्काल सख्त कार्रवाई की जाए। पूजा दुवेश के फर्जी मतदाता होने के सारे सबूत जिला प्रशासन और जनता के समक्ष रख रहा हूं। इससे पहली पोस्ट में सिंह ने कहा कि अन्य प्रदेश से आकर धनबल के सहयोग से भरतपुर जिला प्रमुख बनने का सपना देखने वाले प्रत्याशी सावधान हो जाएं। बैंक खाता और किरायानामा को आधार बनाकर सिर्फ चुनाव लडने के लिए वोटर लिस्ट में नाम जुड़वाने के सभी गैर कानूनी और फर्जी दस्तावेज एकत्रित कर लिए गए है। जल्दी ही एक बड़ा खुलासा भरतपुर की जनता के समक्ष करते हुए एसओजी में आपराधिक मुकदमा दर्ज कराया जाएगा।
पूर्व मंत्री सिंह के अनुसार पूजा दुबेश का नाम उत्तरप्रदेश के 88 आगरा साउथ की मतदाता सूची में 379 नंबर पर दर्ज हैं। अनुभाग संख्या और नाम एक कलाकुंज में है। इसके अलावा खुद नामांकन पत्र में डुमरिया तहसील रुदावल के वार्ड छह की मतदाना सूची में नाम होना बताया है। इसी तरह पूर्व विधायक गुटयारी की पत्नी मुन्नी दुबेश का नाम ग्राम पंचायत उसरानी व वार्ड नंबर सात में विधानसभा डीग-कुम्हेर में मकान संख्या 111 के साथ वोटर लिस्ट क्रमांक 340 नंबर पर दर्ज था। उसे भी विलोपन सूची में शामिल किया गया।
तीसरी पोस्ट में पूर्व मंत्री सिंह ने लिखा है कि जिला परिषद एवं पंचायत समिति चुनावों में डीग कांग्रेस के जिलाध्यक्ष राजीव सिंह की ओर से जो टिकट वितरण किया गया है, उसमें मुझसे किसी भी प्रकार की कोई चर्चा या विचार-विमर्श नहीं किया गया है। यह टिकट वितरण पूरी तरह से जिलाध्यक्ष का निजी निर्णय और निजी स्वार्थ है। साथ ही जो प्रत्याशी अपने निजी स्वार्थ के लिए मेरे फोटो का उपयोग अपने प्रचार में कर रहे हैं, उनसे मेरा कोई सरोकार नहीं है और न ही मेरी उनको कोई शुभकामनाएं या समर्थन है। मैं भरतपुर-डीग की जनता के साथ था, हूं और हमेशा रहूंगा। मेरी शुभकामनाएं सिर्फ जनता के सच्चे सेवकों के साथ है, न कि चंद लोगों की मनमानी से बांटे गए टिकटों के साथ।