
भरतपुर ।
भरतपुर में सुबह से ही मुसलाधार बारिश ने शहर में मौसम खुशनुमा बना दिया। जहां लोगों का गर्मी से हाल बेहाल था वहीं डेढ़ घंटे मुसलाधार बारिश से लोगों ने राहत की सांस ली। बारिश से शहर के निचले इलाकों में पानी भर गया और नई मंडी एवं कुबेर गेट स्थित अनाज मंडी में भी पानी भरने से व्यापारियों को काफी नुकसान हुआ।
प्रदेश के भरतपुर में आज मौसम ने झमाझम बारिश कर मौसम का मिजाज बदल दिया है। शहर के कई इलाकों में पानी भरने से लोगों को काफी समस्या हुई। शहर में बारिश शुरू होते ही बच्चे सड़कों पर निकल पड़े शहर के बाजारों में भरे पानी में बच्चे उछल-कूद कर नहाने लगे। बाजार में भरे पानी के दौरान जब वाहन बाजार में होकर गुजरे तो वह उनका पानी दुकानों के अंदर चला गया जिससे दुकानदारों को भी परेशानी हुई।
शहर के कई निचले हिस्सों में बने मकानों में भी पानी भर गया। जिससे लोगों को भारी नुकसान हुआ शहर के कई क्षेत्रों नई मंडी, कुम्हेर गेट स्थित अनाज मंडी सहित कई निचले इलाकों में पानी भर गया। कई वाहन चालकों के वाहनों में भी पानी भरने से परेशानी हुई। चालकों को काफी दूर तक वाहनों को खींचना पड़ा।
इन इलाकों में भरा पानी
बारिश के दौरान कई इलाकों में पानी भरने से लोगो को आवागमन में परेशानी हुई। जामा मस्जिद, मथुरा गेट बाजार, राजेंद्र नगर, कृष्णा कॉलोनी, जसवंत कॉलोनी, इंदिरा कॉलोनी, तिलकनगर, सहयोग नगर, रंजीत नगर सहित शहर के कई हिस्सों स्थित मकानों एवं दुकानों एवं सड़कों पर पानी भरने से लोगों को भारी समस्या उठानी पड़ी।
बारिश के चलते ढहा मकान
शुक्रवार को भरतपुर में तेज बारिश के चलते मथुरा गेट थाना इलाके में पक्का बाग क्षेत्र में एक मकान गिर गया। दो मंजिला मकान की पहली मंजिल उस समय गिर गई जब मकान में लोग सो रहे थे। इस दौरान परिवार के एक व्यक्ति की मौत हो गई और दो अन्य मलबे में दबने से घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।