
भरतपुर। जिस घर में कुछ ही दिनों बाद शहनाई गुंजनी थी और मेहमानों के स्वागत की तैयारियां चल रही थीं, वहां अचानक पसरे मातम ने हर किसी का कलेजा चीर दिया। मथुरा गेट थाना इलाके में दिल दहला देने वाली दुर्घटना में बेटे की शादी के कार्ड बांटकर घर लौट रहे एक पिता की मौत हो गई। शादी के कार्डों की खुशियां लेकर निकले पिता की मौत की खबर मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
मथुरा गेट थाना प्रभारी हरलाल मीना ने बताया कि जघीना निवासी चंद्रपाल बेटे की आगामी 22 नवंबर को होने वाली शादी के लिए सुबह घर से कार्ड बांटने निकले थे। दिनभर सगे-संबंधियों को निमंत्रण देने के बाद जब वे देर शाम अपनी बाइक से वापस अपने घर लौट रहे थे, तभी सारस चौराहे के पास एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि चंद्रपाल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि टक्कर मारने वाला वाहन अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलने पर मथुरा गेट थाने के हैड कांस्टेबल तारा चंद पुलिस टीम के साथ तुरंत आरबीएम अस्पताल की मोर्चरी पहुंचे, जहां अज्ञात शव रखा हुआ था। पुलिस ने जब मृतक के कपड़ों और सामान की तलाशी ली तो जेब से मिले दस्तावेजों और कार्डों के आधार पर उसकी शिनाख्त चंद्रपाल निवासी जघीना के रूप में हुई। पुलिस ने तुरंत इसकी सूचना परिजनों को दी। इसके बाद अस्पताल पहुंचे परिजनों की चीख पुकार से पूरा माहौल गमगीन हो गया।
परिजनों ने कि घर में शादी की तैयारियां जोरों पर थी। चंद्रपाल हर एक रिश्तेदार को खुद जाकर न्योता दे रहे थे, किसे पता था कि यह निमंत्रण उनकी जिंदगी का आखिरी सफर बन जाएगा। घटना के बाद से इलाके में रोष व्याप्त है। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि फरार वाहन और उसके चालक का जल्द से जल्द पता लगाया जा सके।