
राजस्थान के झुंझुनूं में करंट लगने से 8 मजदूरों की मौत (पत्रिका फोटो)
Rajasthan Jhunjhunu Workers Death: राजस्थान के झुंझुनूं जिले के उदयपुरवाटी क्षेत्र के छापोली गांव में सड़क निर्माण के दौरान भीषण हादसा हो गया। कदम कुंड मार्ग पर सड़क निर्माण कार्य में जुटी रोड़ी मिलाने वाली मशीन अचानक ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन बिजली लाइन के संपर्क में आ गई। मशीन में करंट फैलते ही वहां काम कर रहे मजदूर इसकी चपेट में आ गए।
हादसा इतना भीषण था कि आठ मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच अन्य गंभीर रूप से झुलस गए। घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां कुछ की हालत नाजुक बताई जा रही है। एक साथ आठ मजदूरों की मौत से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई। हादसे की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए। इससे वहां अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं और हालात संभालने में जुट गईं। उदयपुरवाटी एसएचओ रामपाल ने बताया कि बजरी मिलाने के काम में लगी एक मशीन ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन बिजली लाइन के संपर्क में आ गई थी। इससे मशीन में करंट दौड़ गया और वहां काम कर रहे मजदूर उसकी चपेट में आ गए। हादसे के बाद ग्रामीणों ने धरना शुरू कर दिया।
हालेड़ा मंडावरा निवासी हरिराम गुर्जर (30) पुत्र शंकरलाल, मंगलचंद (22) पुत्र गिरधारीलाल गुर्जर, कालूराम गुर्जर (29) पुत्र भीखाराम गुर्जर और पवन गुर्जर (23) पुत्र जगदीश गुर्जर, छापोली निवासी विष्णु सैनी (38) पुत्र नानूराम सैनी, सुरेश सैनी (30) पुत्र महावीर सैनी, मुकेश सैनी (27) पुत्र शंकरलाल सैनी और फतेहचंद सैनी (32) पुत्र जगदीश।
पूर्व मंत्री राजेंद्र सिंह गुढ़ा ने कहा, हर मृतक के परिवार के एक-एक सदस्य को सरकारी नौकरी दी जानी चाहिए। ये कोई राजनीति करने का मुद्दा नहीं है। ये वक्त पीड़ित लोगों के साथ खड़े होने का है। उनका पुनर्वास कैसे हो, ये देखना चाहिए। कलेक्टर को यहां आकर परिवारों को आश्वासन देना चाहिए। विधायक भगवानाराम सैनी और डीएसपी सुगन सिंह भी मौके पर पहुंचे।
छापोली निवासी महेंद्र पुत्र बनवारी लाल सैनी, गीता देवी (45) पत्नी मदन लाल मेघवाल, संतरा देवी (35) पत्नी सतीश मेघवाल, गिदाराम (45) पुत्र धन्नाराम सैनी और मंजू देवी (38) पत्नी राजेश कुमार घायल (झुलसे) हैं।
सीएम भजनलाल शर्मा ने एक्स पर लिखा, झुंझुनूं में हुए हादसे में करंट लगने से श्रमिकों की असामयिक मृत्यु का समाचार दुखद है। संबंधित अधिकारियों को घायलों के समुचित उपचार एवं प्रभावित परिवारों को तत्काल हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने तथा घटना की जांच के निर्देश दिए हैं। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान, घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ तथा शोकाकुल परिजनों को यह असीम दुःख सहन करने का संबल प्रदान करें। ॐ शांति!
पूर्व सीएम अशोक गहलोत ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, झुंझुनूं के उदयपुरवाटी में छापोली में कई मजदूरों की करंट लगने से हुई दर्दनाक मौत बेहद दुखद और मार्मिक है। इस पूरे प्रकरण की जांच आवश्यक है कि सड़क निर्माण के समय हुआ यह हादसा कैसे हुआ और इन मौतों के लिए कौन जिम्मेदार है। इस हादसे में अपने परिजनों को खोने वाले परिवारों पर क्या बीत रही होगी ये सोच कर मन व्यथित है। सरकार को मृतकों के परिजनों को उचित मुआवजा और हर संभव सहायता उपलब्ध करवाना सुनिश्चित करना चाहिए। ईश्वर दिवंगत आत्माओं को अपने श्री चरणों में स्थान प्रदान करें और शोकाकुल परिजनों को यह असहनीय दुख सहन करने की शक्ति दें।
Updated on:
2 Nov 2026, 2:08 PM IST
Published on:
2 Nov 2026, 1:07 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.