भरतपुर

Rajasthan News : जयपुर के बाद अब भरतपुर में 2 सड़कों के नाम बदले गए, खुशी से झूमी जनता, जानिए और क्या बड़े फैसले लिए गए

Rajasthan News : गृह राज्यमंत्री जवाहर सिंह बेढ़म की अध्यक्षता में भरतपुर के नगर के दो प्रमुख मार्गों का नया नामकरण किया गया। नगर पालिका के इस फैसले से जनता खुश से झूमी। जानिए और क्या बड़े फैसले लिए गए।
2 min read
Rajasthan Two roads name change People rejoice Many more major decisions
नगर. नगर पालिका की बैठक के बाद गृह राज्यमंत्री और जनप्रतिनिधि। फोटो पत्रिका

Rajasthan News : भरतपुर के नगर के दो प्रमुख मार्गों का नाम बदल कर नया नामकरण किया गया। डाक बंगला रोड अब श्री महाराजा अग्रसेन मार्ग के नाम से जाना जाएगा, जबकि गुरुद्वारा रोड को सरदार वल्लभ भाई पटेल मार्ग का गौरवपूर्ण नाम मिला। गृह राज्यमंत्री जवाहर सिंह बेढ़म की अध्यक्षता में नगर पालिका की साधारण सभा में यह फैसला लिया गया। इस अवसर पर स्थानीय लोग और कार्यकर्ता भी मौजूद रहे और नगर के विकास को लेकर उत्साह व्यक्त किया। 2 नवंबर को जयपुर में कई सड़कों और चौराहों के नाम बदले गए थे।

कार्यवाहक अधिशासी अधिकारी कमलचंद शर्मा, कनिष्ठ अभियंता सुरेश चंद शर्मा, पालिकाध्यक्ष रामावतार मित्तल और उपाध्यक्ष प्रकाश अंबेश, राजेश पाठक, ओमप्रकाश गजिया, चंद्रप्रकाश तिवाड़ी, रामावतार शर्मा, पवन चौथानी, विक्रम सैनी, देवेंद्र कुमार, भानु सोनी, विजयेता सोनी, रीना कुमारी और प्रवेश शर्मा सहित अन्य पार्षद शामिल रहे।

सड़कों और नालों के सुधार में मिलेगा नया आकार

नगर की सड़कों और नालों के सुधार पर विशेष जोर दिया गया। मेला मैदान से शनिदेव मंदिर तक सड़क चौड़ाईकरण कार्य प्राथमिकता से किए जाएंगे। गोकुलधाम कॉलोनी में नाली निर्माण और पीलूकी पोखर का सौंदर्यीकरण भी तेजी से पूरा किया जाएगा। अनार देवी विद्यालय के पीछे 2 सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (अपशिष्ट जल उपचार संयंत्र) पोखर का निर्माण किया जाएगा, जिससे गंदे पानी का संग्रहण और ट्रीटेड वाटर के लिए पोंड तैयार होगा।

सुविधाओं में सुधार

आमजन की सुविधा के लिए मंडी समिति में पार्क और शौचालय निर्माण का निर्णय लिया गया। हरिजन धर्मशाला के सामुदायिक भवन का निर्माण स्वीकृत किया गया। नगर पालिका पुस्तकालय को आधुनिक लाइब्रेरी में बदलने का निर्णय लिया गया जिसका नाम स्वतंत्रता सेनानी पंडित रामजीलाल शर्मा के नाम पर रखा जाएगा। बोर्डिंग हाउस के पहले और दूसरे तल का निर्माण भी तेजी से पूरा किया जाएगा।

सड़क सुरक्षा और प्रतीक चिन्हों पर ध्यान

सड़क सुरक्षा और प्रतीक चिन्हों के विषय में भी चर्चा हुई। पार्षद पवन चौथानी ने गौ-माता सर्किल और हाई मास्क लाइट वाले पोलों पर तिरंगा लाइट लगाने का सुझाव दिया। इसके अलावा, इंदिरा सर्किल पर बड़ा तिरंगा स्थापित करने का भी निर्णय लिया।

अन्य विकास कार्य और दिशा निर्देश

बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि बोर्डिंग हाउस का निर्माण और पार्किंग की व्यवस्था पूरी की जाएगी। अलवर रोड, डीग रोड, खेरली रोड, नदबई रोड और सीकरी रोड पर प्रवेश द्वार का निर्माण किया जाएगा। अलवर रोड स्थित सर्किल को सामाजिक समरसता सर्किल के रूप में विकसित किया जाएगा।

गृह राज्यमंत्री ने सभी पार्षदों और अधिकारियों से कहा कि नगर के विकास कार्य तेजी, गुणवत्ता और पारदर्शिता के साथ पूरे हों। नगरवासियों ने भी विकास कार्यों की गति और गुणवत्ता पर संतोष व्यक्त किया और कहा कि हर वार्ड में समान रूप से कार्य होना चाहिए।

विवादों के बावजूद विकास की प्राथमिकता

बैठक में कुछ मुद्दों को लेकर पार्षदों ने नाराजगी जताई। राजेश पाठक ने कहा नगर पालिका ने जमीन तो खाली करवाई, लेकिन कब्जा नहीं लिया। वाल्मीकि मंदिर के सामने सड़क निर्माण और रोड़ चौड़ाईकरण कार्य अभी अधूरे हैं। इसके बावजूद गृह राज्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि नगर के विकास कार्य समयबद्ध और पारदर्शिता के साथ पूरे किए जाएंगे।

Updated on:
04 Nov 2025 12:25 pm
Published on:
04 Nov 2025 12:11 pm