
भरतपुर. कोरोना इस बार कहर बरपा रहा है। पिछले वर्ष 2020 में जितने केस पूरे एक साल में मिले थे। वह इस बार आधी मई तक ही मिल गए हैं। पिछले साल के 10 हजार का आंकड़ा इस बार मई माह तक ही पूरा हो गया। पिछले वर्ष पहले तीन माह में एक भी केस सामने नहीं आया, जबकि इस वर्ष साल की शुरुआत से ही केस मिलना शुरू हो गया। मौतों के आंकड़ों की बात करें तो पिछले साल की तुलना में इस बार कई गुना अधिक मौत हुई हैं।
वर्ष 2020 की बात करें तो अप्रेल माह से पॉजिटिव मिलना शुरू हुए, जो जून में बढ़कर अक्टूबर नवम्बर माह में पीक पर आए, लेकिन इस बार कोरोना का पीक मई माह ही आ गया है। पिछले वर्ष नवम्बर माह में सर्वाधिक 2284 पॉजिटिव सामने आए थे, जबकि इस बार यह रिकॉर्ड अप्रेल माह ही में टूट गया। इस वर्ष अप्रेल माह में 2395 केस मिले। वहीं मई माह में अब तक सर्वाधिक 7512 पॉजिटिव सामने आ चुके हैं, जबकि अभी माह में कई दिन और बकाया हैं। आलम यह है कि पिछले बार सामान्य केस मिलने पर भी पूरी सतर्कता थी, लेकिन इस बार होम आइसोलेट व्यक्तियों पर प्रशासन की नजर कम ही जा रही है। ऐसे में इस बार गांवों में पॉजिटिवों की संख्या में इजाफा होता चला गया। वर्ष 2020 में कुल 10119 केस मिले थे, जो अब आधे मई माह तक ही 10105 हो गए हैं।
2020 के मुकाबले 2021 में मिले पॉजिटिव
माह वर्ष 2020 वर्ष 2021 कुल
जनवरी 0 90 90
फरवरी 0 35 35
मार्च 0 73 73
अप्रेल 111 2395 2506
मई 157 7512 7669
इधर, राहत की बात... घट रही पॉजिटिवों की संख्या
- जिले में गुरुवार को मिले 194 केस
भरतपुर. मई माह में पीक पर आए कोरोना केस अब थमते नजर आ रहे हैं। पिछले दो दिन से यह राहत की फुहार सरीखे नजर आ रहे हैं। पिछले पांच दिनों की बात करें तो अब केसों का ग्राफ नीचे उतरता दिख रहा है। जिले में गुरुवार को 194 नए केस सामने आए, जो पिछले कई दिनों के लिहाज से काफी कम हैं। पिछले पांच दिन से ही केसों में कमी दर्ज की जा रही है। पांच दिन पहले यह आंकड़ा 500 के पार था, जो अब 200 से नीचे उतर आया है। संभाग की बात करें तो धौलपुर सेफ जोन में नजर आ रहा है। यहां गुरुवार को महज 23 संक्रमित ही मिले। इसके अलावा करौली 49 और सवाईमाधोपुर 60 भी सुकून जैसी स्थिति में नजर आ रहे हैं।
पिछले पांच दिन में यूं गिरा ग्राफ
15 मई 570
16 मई 424
17 मई 409
18 मई 359
19 मई 244
20मई 194
पहली बार संक्रमितों से ज्यादा रिकवर
भरतपुर . जिले में राहत की बौछारों का मौसम संभवतया शुरू हो गया है। गुरुवार को राहत की खबर यह रही कि जिले में पहली बार संक्रमितों से ज्यादा रिकवर हुए। जिले में गुरुवार को 194 पॉजिटिव मिले, जबकि रिकवर हुए मरीजों की संख्या 227 रही। हालांकि मौतों के आंकड़ों में तीन का इजाफा और हो गया। अब एक्टिव केस बढ़कर 5822 हो गए हैं। संक्रमितों की संख्या में कमी आने और रिकवर हुए मरीजों की संख्या बढऩे से अब प्रशासन एवं चिकित्सा विभाग को भी राहत मिली है। हालांकि अभी आरबीएम अस्पताल पर दवाब बरकरार है। यहां से जितने मरीज ठीक होकर जा रहे हैं, उतने मरीज अस्पताल आ भी रहे हैं, लेकिन अब केसों में कमी आने के कारण बेड और ऑक्सीजन की पूर्ति सहज तरीके से हो पा रही है।