भरतपुर

Bharatpur Blast: ब्रज चौरासी परिक्रमा मार्ग में धमाके के साथ फटे गैस सिलेंडर, आधा दर्जन दुकानें खाक, अफरा-तफरी मची

Bharatpur Cylinder Blast: भरतपुर के नौनेरा-कामां रोड स्थित परिक्रमा मार्ग पर गैस सिलेंडर में लीकेज से लगी आग ने कई अस्थाई दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के दौरान दो सिलेंडर फटने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
2 min read
May 20, 2026
Bharatpur cylinder blast
जलती हुईं दुकानें। फोटो- पत्रिका

भरतपुर। नौनेरा-कामां रोड पर मुख्य परिक्रमा मार्ग स्थित अस्थाई दुकानों में बुधवार को गैस सिलेंडर की नली में लीकेज होने से आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि दो सिलेंडर फट गए और आसपास की कई दुकानें जलकर राख हो गईं। हालांकि समय रहते आग पर काबू पा लेने से जनहानि टल गई। घटना नौनेरा कामां रोड किरावता सेनौनेरा गुडगांवा कैनाल की नहर के पास स्थित अस्थाई चाय-पानी की दुकानों में हुई। बताया गया कि नत्थी पुत्र पलटू की दुकान में गैस सिलेंडर की नली में लीकेज होने से आग लग गई।

यह वीडियो भी देखें

देखते ही देखते आग ने छप्परपोश दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया। नजदीक खड़ी नरसेल में भी आग लग गई, जिससे आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। इसी दौरान दुकान में रखे दो गैस सिलेंडर फट गए, जिससे तेज धमाका हुआ और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

जनहानि नहीं होने से लोगों ने राहत की सांस ली

घटना की सूचना मिलने पर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और दमकल की मदद से आग पर काबू पाया गया। आगजनी में किसी प्रकार की जनहानि नहीं होने से लोगों ने राहत की सांस ली। घटना की सूचना पर जुरहरा तहसीलदार मोहन सियोल, पटवारी पुष्पेन्द्र, थाना प्रभारी गिर्राज सिंह और एएसआई सुमेर सिंह मौके पर पहुंचे तथा घटना की जानकारी ली।

सामान जलकर राख

थाना प्रभारी गिर्राज सिंह ने बताया कि आग लगने के बाद दोनों सिलेंडर फट गए और आग की चपेट में आसपास की अन्य दुकानें भी आ गईं, जिससे उनमें रखा सामान जलकर राख हो गया। पटवारी पुष्पेन्द्र ने बताया कि नत्थी पुत्र पलटू की दुकान में रखे दो सिलेंडर, फ्रिज और परचून का सामान जल गया। इसमें करीब 1 लाख 60 हजार रुपए के नुकसान का अनुमान है। इसके अलावा सतीश पुत्र शेरसिंह, चरण सिंह पुत्र किशनलाल और मुनेश पुत्र शेरसिंह की दुकानों का सामान भी जल गया।

आगजनी में इनका हुआ नुकसान

यात्रियों के खाने-पीने के सामान की दुकान लगाने वाले नौनेरा निवासी नत्थी, सतीश, चरण सिंह, मुनेश, रामखिलाड़ी और लख्मी की दुकानों में रखा सामान आग की चपेट में आने से नुकसान हुआ है। एएसआई सुमेर सिंह ने बताया कि सिलेंडर में आग लगते ही वहां भगदड़ जैसे हालात बन गए। कुछ दुकानदार अपने सिलेंडर और सामान बचाने में जुट गए, जबकि सिलेंडर फटते ही लोग जान बचाने के लिए दूर भाग निकले। हादसे के बाद नत्थी सैनी का परिवार सदमे में आ गया, जिन्हें नौनेरा स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत सामान्य बताई जा रही है।

Updated on:
20 May 2026 08:36 pm
Published on:
20 May 2026 08:04 pm