
डीग. शहर के दिल्ली दरवाजे में शुक्रवार रात चोरी की नियत से आए दो चोरों का मोहल्लेवासियों से सामना हो गया। लोगों के ललकारने पर चोरों ने फायरिंग कर दी। मोहल्ले वालों ने दोनों चोरों को दबोच लिया। बताया गया है लोगों ने दोनों की पहले बेरहमी से जमकर पिटाई की और दोनों को एक कमरे में रस्सी से बांध दिया। जिसके बाद पुलिस को सूचना दी। घटना का वीडियो भी बनाया गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों को अपनी हिरासत में लेने के बाद उन्हें उपचार के लिए चिकित्सालय में भर्ती कराया।
इधर घटना को लेकर शनिवार सुबह सैंकडों की संख्या में लोग मुख्य बाजार शहर थाना कोतवाली पर जमा हो गए। लोगों ने थाने के अंदर जाकर घटना पर रोष जाहिर कर पुलिस पर दबाव बनाना चाहा। लेकिन पुलिस ने उन्हें 5 लोगों की अनुमति के साथ अन्य को बाहर निकाल दिया।
पीडि़त ने फायरिंग के साथ चोरी की दर्ज कराई रिपोर्ट -
घटना को लेकर दिल्ली दरवाजा निवासी श्याम पुत्र मंगतूराम सैनी ने पुलिस रिपोर्ट में बताया कि 29 नवंबर की रात उसकी तीन भैंस पुरानी डीग स्कूल के निकट खेत पर बने कच्चे छप्परनुमा घर में बंधी थी। जहां रात कठूमर के टिटपुरी गांव का रहने वाला रौविन खान पुत्र हमीदा खान व रूंध खोह निवासी अज्जू मेव तीनों भैंसों को खोलकर ले गए। करीब एक माह बाद शुक्रवार की रात दोनों आरोपी खेत पर आए और वहां खडे ट्रैक्टर को बाहर निकाल लिया। तभी वहां मौजूद श्रीचन्द व भारत ने दोनों को देख लिया। यह देख दोनों आरोपियों ने श्रीचन्द के साथ लात-घूंसों से मारपीट शुरू कर दी। आरोपियों ने कट्टे से फायर भी किया। फायरिंग की आवाज सुनकर वो और अन्य लोग जाग गए। मोहल्ले वालों को देख दोनों आरोपी गढ़ एवं नाले की दीवार को कूदकर भागने लगे। जहां दोनों आरोपी गिरकर घायल हो गए। मोहल्ले वालों ने दोनों को पकड़ लिया और मौके पर पुलिस बुलाकर रात ही दोनों को पुलिस के सुपुर्द कर दिया।
चोरों को अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा -
मौहल्ले वासियों की ओर से चोरों के साथ की गई जमकर मारपीट से घायल हुए दोनों चोरों को शहर थाना कोतवाली पुलिस ने शहर के रेफरल चिकित्सालय में भर्ती कराया। जहां दोनों का उपचार जारी है। जानकारी के अनुसार मोहल्ले वालों ने दोनों को पकड़कर उनकी जमकर धुनाई की और फिर उन्हें एक कमरे में बंद कर उनके पैरों को रस्सी से बांध दिया। पुलिस जब मौके पंहुची तो दोनों चोर रस्सी के सहारे बंधे थे और गंभीर रूप से घायल थे।