
भरतपुर. एसोसिएशन ऑफ इण्डियन इन अमेरिका की ओर से उपलब्ध कराए गए 60 ऑक्सीजन कन्सन्ट्रेटरों को लुपिन ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. कप्तानसिंह को सौंपा। ये कन्सन्ट्रेटर जिले की सीएचसी, पीएचसी व कोरोना कोविड सेन्टरों पर लगाए जाएंगे। ताकि वहां भर्ती होने वाले रोगियों को पर्याप्त ऑक्सीजन प्राप्त हो सके।
इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक वंदिता राणा ने कहा कि कोरोना वैश्विक महामारी के दौरान ऑक्सीजन की सर्वाधिक मांग रही है। जिसे पूरा करने के लिए सरकार विभिन्न स्थानों से मांग के अनुरूप ऑक्सीजन उपलब्ध करा रही है फिर भी रोगियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए ये कन्सन्ट्रेटर काफी हद तक मांग की पूर्ति कर पाएंगे। उन्होंने एआईए एवं लुपिन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस पुण्य के काम में अमेरिका में रह रहे भारतीयों ने मानवीयता का परिचय दिया है। कार्यक्रम में नगर निगम के आयुक्त डॉ. राजेश गोयल ने अमेरिका में रह रहे भरतपुर के वल्लभगढ़ निवासी यशपाल आर्य एवं उर्मिला आर्य ने भरतपुर के कोरोना रोगियों को ऑक्सीजन की उपलब्धता के लिए कन्सन्ट्रेटर उपलब्ध कराकर अनुकरणीय कार्य किया है। उन्होंने कहा कि ये कन्सन्ट्रेटर सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र, प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र एवं कोरोना कोविड केयर सेन्टरों पर लगाए जाएंगे, ताकि उस क्षेत्र के रोगियों का इलाज उनके नजदीक स्थान पर ही हो सकेगा। इससे आरबीएम चिकित्सालय पर अतिरिक्त भार नहीं पड़ेगा। सीएमएचओ डॉ. कप्तानसिंह ने कहा कि कोरोना की दूसरी लहर के दौरान ग्रामीण क्षेत्रों में भी रोगियों की संख्या बढी है जिनका इलाज प्राथमिक एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों पर करवाने का प्रयास किया जा रहा है। लुपिन के अधिशाषी निदेशक सीताराम गुप्ता ने कहा कि अमेरिका में रह रहे भारतीयों ने कन्सन्ट्रेटर उपलब्ध कराकर जो पुण्य का कार्य किया है उसे कभी नहीं भुलाया जा सकेगा। उन्होंने सुझाव दिया कि सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों पर कोविड केयर सेन्टर नहीं बनाए जाएं, क्योंकि इन सेन्टरों पर आने वाले रोगी संक्रमित नहीं हो सकें। कार्यक्रम में लुपिन के क्षेत्रीय कार्यक्रम प्रबन्धक डॉ. राजेश शर्मा, सीए सुनीत नन्दवानी, प्रशासनिक अधिकारी अशोक करन, भीमसिंह, शालो हेम्ब्रोम, राजेन्द्र माहुरे, पुनीत गुप्ता, पुनीत वर्मा, कौशलसिंह आदि उपस्थित रहे।
इधर, 27 और ऑक्सीजन कन्सनट्रेटर पहुंचेंगे आरबीएम
चिकित्सा एवं स्वास्थ्य राज्य मंत्री के प्रयासों से शीघ्र ही 27 और ऑक्सीजन कन्सन्ट्रेटर आरबीएम चिकित्सालय को उपलब्ध होंगे। इससे पहले आरबीएम को 58 ऑक्सीजन कन्सन्ट्रेटर भिजवाए जा चुके हैं। डॉ. गर्ग ने बताया कि वे निरन्तर प्रयास कर रहे हैं कि भरतपुर के आरबीएम चिकित्सालय में भर्ती रोगियों के लिए दवाइयां एवं ऑक्सीजन की उपलब्धता के लिए ऑक्सीजनरेशन प्लांट लगवाने के साथ ऑक्सीजन कन्सन्ट्रेटर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।