वैशाली नगर विधानसभा क्षेत्र के 50 घरों की महिलाओं को खाना बनाने के लिए अब धुएं वाली सिगड़ी और चूल्हे जलाने की जरुरत नहीं पड़ेगी।
भिलाई. वैशाली नगर विधानसभा क्षेत्र के 50 घरों की महिलाओं को खाना बनाने के लिए अब धुएं वाली सिगड़ी और चूल्हे जलाने की जरुरत नहीं पड़ेगी। इन महिलाओं को प्रधानमंत्री उज्ज्वला गैस योजना के अंतर्गत नि:शुल्क गैस सिलेंडर और चूल्हे दिए गए है। शासकीय उच्चतर माध्यमिक स्कूल रामनगर मुक्तिधाम भिलाई में उर्मिला देवी साव, रीना साव, को एलपीजी (लिक्विड पेट्रोलियम गैस) घरेलू सिलेंडर, गैस चूल्हा और रेग्युलेटर दिए जाने पर उनके चेहरे खिल उठे। यहां पर अन्य लोगों को भी गैस कनेक्शन वितरण कर उज्ज्वला दिवस मनाया गया।
8 करोड़ लोगों को मिलेगा कनेक्शन
वहीं वैशाली नगर भाजपा मंडल अध्यक्ष रामानंद मौर्या और नगर पालिक निगम के नेता प्रतिपक्ष रिकेश सेन ने प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत देशभर में पांच करोड़ एलपीजी कनेक्शनों की संख्या को बढ़ाकर आठ करोड़ किए जाने पर सरकार के प्रति आभार जताया। दूसरे चरण में उज्ज्वला प्लस योजना के तहत एपीएल परिवार को भी २०० रुपए में गैस कनेक्शन दिए जाने की जानकारी दी।
देशभर में मनाया जा रहा है दिवस
पार्षद मौर्या ने बताया कि भारत सरकार की ओर से 20 अप्रैल को पूरे देश में उज्ज्वला दिवस मनाया जा रहा है। इसी कड़ी में इस योजना के तहत वैशाली नगर विधानसभा क्षेत्र के वार्ड- वार्ड-४, ५, ७, ८, ९, १२, १३, १४,१८, २२, २३, २४ के नए हितग्राहियों का भी एलपीजी गैस कनेक्शन के लिए चयन किया गया है।
200 रुपए में दिया कनेक्शन
योजना के तहत ५२ में से १५ हितग्राहियों ने मौके पर २०० रुपए जमा किया। जिन्हें अतिथियों ने दो एलपीजी गैस सिलेंडर, चूल्हा, रेग्युलेटर, पाइप और उपभोक्ता प्रमाण पत्र दिया गया।
गैस का उपयोग पर्यावरण और स्वास्थ्य के लिए लाभदायक
वहीं रितुराज गैस एजेंसी के संचालक शंकर लाल ने गैस कनेक्शन उपयोग के दौरान बरती जाने वाले सावधानी के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने गैस कनेक्शन के उपयोग को पर्यावरण और स्वास्थ्य के लिए भी लाभदायक बताया। इस मौके पर नगर पालिका निगम के नोडल अधिकारी अजय शुक्ला भी मौजूद थे।