
भिलाई@Patrika. शहर जिला कांग्रेस कमेटी भिलाई नगर का अब अपना अलग अस्तित्व होगा। अब-तक भिलाई शहर में कांग्रेस की राजनीति दुर्ग से निर्देशित और संचालित होती रही है। भिलाई शहर जिला कांग्रेस कमेटी बन जाने से इस्पात नगरी की राजनीति भिलाई से ही संचालित होगी। इससे संगठन में कई लोगों को अहम पद मिलेगा वहीं किसी भी राजनीति गतिविधियों के लिए दुर्ग संगठन की निर्भरता भी खत्म होगी। राजनीतिक धरना-प्रदर्शन के अलावा भिलाई कांग्रेस के संबंध में शहर संगठन और यहा के पदाधिकारी और कार्यकर्ता निर्णय लेने में सक्षम होंगे।
भिलाई शहर जिला कांग्रेस का खाका तैयार
ऐसा माना जा रहा है कि आगामी चुनाव के पहले ही भिलाई शहर जिला कांग्रेस अस्तित्व में आ जाएगा। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के छत्तीसगढ़ प्रभारी पीएल पुनिया की मानें तो भिलाई शहर जिला कांग्रेस का खाका तैयार कर लिया गया है। जल्द ही इसकी घोषणा कर दी जाएगी ताकि चुनाव से पहले नए संगठन को काम करने का मौका मिले।
भिलाई शहर जिला कांग्रेस की मांग तीन दशक पुरानी
पुनिया ने यह जानकारी प्रदेश कांग्रेस के पूर्व सचिव महेश जायसवाल, दुर्ग जिला ग्रामीण कांग्रेस के पूर्व सचिव अतुल चंद साहू, सेवादल के दुर्ग जिला अध्यक्ष राजेश गुप्ता को एक चर्चा के दौरान दी। जायसवाल ने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी के दुर्ग-भिलाई दौर के दौरान पृथक भिलाई जिला कांग्रेस का मुद्दा रखा था। जायसवाल की मांग पर वरिष्ठ नेताओं ने मंच से ही जल्द इस विषय पर फैसले का आश्वासन दिया था। भिलाई शहर जिला कांग्रेस की मांग तीन दशक से अधिक पुरानी है।
कांग्रेस में नई ऊर्जा का संचार
पहले यह कहा जाता था कि जिला मुख्यालय के अलावा जिला कांग्रेस का गठन केवल वहीं किया जाएगा, जहां नगर निगम होगा। भिलाई में नगर निगम गठन हुए भी दो दशक हो चुके हैं। इसके बाद भी भिलाई शहर जिला कांग्रेस का गठन अब तक नहीं हो पाया है। कांग्रेस के स्थानीय नेताओं का मानना है कि यदि भिलाई शहर जिला कांग्रेस का गठन हो जाता है तो यहां कांग्रेस में नई ऊर्जा का संचार होगा। इससे नए पदाधिकारी बनेंगे तथा टीम भावना मजबूत होगी।
पहली बार भिलाई की महिला को दुर्ग जिला कांग्रेस की जिम्मेदारी
अब तक दुर्ग के नेता ही भिलाई का भी नेतृत्व करते रहे हैं। फरवरी 2018 में पहली बार भिलाई की महिला कार्यकर्ता तुलसी साहू को दुर्ग जिला कांग्रेस की जिम्मेदारी सौंपी गई है।