
Bhilai ITI ground collapse: जनता के लाखों रुपए की बर्बादी का नजारा भिलाई के खुर्सीपार के आईटीआई मैदान में दिख रहा है। नगर निगम, जोन-4 शिवाजी नगर की ओर से 11.43 लाख रुपए की लागत से बनवाया गया मंच धंस गया है। रोशनी के लिए लगाए गए चारों बिजली के पोल भी गिरे पड़े हैं। आईटीआई छात्रावास के पास बने इस मंच का ऊपरी और निचला हिस्सा अलग हो गया है। मंच में लगे पत्थर टूट गए हैं और रेलिंग गायब है।
प्रकाश व्यवस्था के लिए लगे चारों पोल भी गिरे हैं और उन पर लगी लाइटें नदारद हैं। लाखों की लाइटें गायब हैं। गिरे हुए पोल से कुल 16 लाइटें गायब हैं। निविदा के अनुसार एक लाइट की कीमत 25 हजार रुपए से अधिक थी। इस हिसाब से लाखों रुपए की रोशनी गायब हो चुकी है। चंद सालों में ही रखरखाव के अभाव में मंच और पोल जर्जर हो गए हैं।
नगर निगम पर सवाल उठ रहे हैं कि लाखों खर्च करने के बाद परियोजना की निगरानी क्यों नहीं हुई। आईटीआई छात्रावास भवन में सीसीटीवी लगाकर बेहतर देखरेख हो सकती थी।
दो पोल पहले हवा से गिरे थे, जिसके बाद शेष दो पोल भी हवा के कारण ही गिरे हैं। सार्वजनिक स्थान पर बने मंच की रेलिंग भी असामाजिक तत्वों ने निकाल दी है और मंच को भी नुकसान पहुंचाया जा रहा है। - तिलेश्वर साहू, जनसंपर्क विभाग, नगर निगम भिलाई