भिलाई

Tax Scam: भिलाई निगम टैक्स वसूली में धांधली, 11 संपत्तियों के रिकॉर्ड में गड़बड़ी, एजेंसी को थमाया नोटिस

Tax Scam: भिलाई नगर निगम की टैक्स वसूली में अनियमितता का मामला सामने आया है। 11 संपत्तियों के रिकॉर्ड में गड़बड़ी मिलने पर निगम ने संबंधित एजेंसी को नोटिस जारी किया है।
3 min read
• •
Updated: 16 Nov 2026, 2:51 PM IST
Tax Scam
नगर निगम भिलाई (photo Patrika)

Municipal Corporation Tax Scam: नगर निगम भिलाई में संपत्तिकर और यूजर चार्ज की वसूली में गंभीर अनियमितता सामने आई है। प्रारंभिक जांच में 11 संपत्तियों के रिकॉर्ड में टैक्स की गलत गणना, बकाया की गलत एंट्री, यूजर चार्ज की कम वसूली और बिना आदेश नाम बदलने जैसी गड़बडिय़ां मिली हैं। इसके बाद आयुक्त ने वसूली का काम देख रही एजेंसी मेसर्स श्री पब्लिकेशन एंड स्टेशनर्स प्रा. लि. को नोटिस जारी कर तीन दिन में स्पष्ट जांच रिपोर्ट मांगी है। निगम का आरोप है कि सॉफ्टवेयर में नियमों के विपरीत गणना कर निगम को राजस्व का नुकसान पहुंचाया गया और संपत्ति धारकों को फायदा पहुंचाया गया। माना जा रहा है कि जवाब के बाद एजेंसी को बाहर का रास्ता दिखाया जा सकता है।

जांच में क्या-क्या मिला

प्रथम तल छोड़ा, सिर्फ भूतल की गणना

एक संपत्ति में 2008 के भवन अनुज्ञा रिकॉर्ड में व्यावसायिक भूतल और प्रथम तल दर्ज है, लेकिन सॉफ्टवेयर में सिर्फ भूतल का व्यावसायिक टैक्स लिया गया और यूजर चार्ज आवासीय दर से लगाया गया।

11 साल का यूजर चार्ज सिर्फ 5,080 रुपए

एक अन्य संपत्ति में अक्टूबर 2016 से मार्च 2027 तक करीब 11 साल का यूजर चार्ज महज 5,080 रुपए दिखाया गया।

चार मंजिला भवन का यूजर चार्ज शून्य

चार मंजिला व्यावसायिक भवन होने के बावजूद 7 सितंबर को सुबह 11.10 बजे तक मांग शून्य थी। जांच की भनक लगते ही उसी दिन दोपहर 1.49 बजे मांग बदल दी गई।

63,489 की जगह 36,913 की रसीद

एक मामले में स्वघोषणा के अनुसार 63,489 रुपए की मांग के स्थान पर काउंटर से 36,913 रुपए की रसीद काटी गई। बिना नामांतरण आदेश के संपत्तिधारक का नाम भी बदल दिया गया। दो साल का 6,000 रुपए: एक संपत्ति में एक साल का यूजर चार्ज 5,400 रुपए से अधिक होने के बावजूद दो साल के लिए सिर्फ 6,000 रुपए की वसूली दर्ज है।

तीन साल का 3,600 रुपए

एक अन्य मामले में 2022 से 2025 तक तीन साल का यूजर चार्ज सिर्फ 3,600 रुपए वसूला गया। एक अन्य संपत्ति में मार्च 2023 के बाद अप्रैल 2023 से मार्च 2027 तक मांग शून्य दिखा दी गई।

9 साल का 2,720 रुपए

एक संपत्ति में अक्टूबर 2016 से मार्च 2025 तक 9 साल का यूजर चार्ज सिर्फ 2,720 रुपए लिया गया, जबकि अगले दो साल के लिए 7,680 रुपए की मांग दिखाई गई। एक व्यावसायिक संपत्ति में आवासीय दर से चार साल की वसूली की गई।

6 साल का 2,120 रुपए

एक मामले में अप्रैल 2019 से मार्च 2025 तक छह साल का यूजर चार्ज सिर्फ 2,120 रुपए वसूला गया। एक औद्योगिक संपत्ति में सात साल का यूजर चार्ज 13,400 रुपए लिया गया, जबकि एक साल का यूजर चार्ज ही 8,400 रुपए बनता है।

अनुबंध 2022 में हुआ था

एजेंसी को डोर-टू-डोर राजस्व वसूली का काम सौंपा गया है। इसके लिए 21 दिसंबर 2022 को अनुबंध हुआ था और 30 दिसंबर 2022 से वसूली शुरू हुई थी। एजेंसी के सॉफ्टवेयर में ही करदाताओं का रिकॉर्ड, टैक्स गणना, मांग और वसूली का विवरण दर्ज होता है।

कर्मचारियों को हटाने के निर्देश

आयुक्त ने एजेंसी को निर्देश दिया है कि गलत अपडेट और गलत वसूली करने वाले कर्मचारियों को तत्काल काम से अलग कर कार्रवाई करे और इसकी जानकारी निगम को दे।

जांच रिपोर्ट का इंतजार

सबसे बड़ा सवाल यह है कि वर्षों तक गलत गणना कैसे होती रही और निगरानी करने वाले अधिकारियों को इसकी भनक क्यों नहीं लगी। गड़बड़ी प्रमाणित होती है तो यह भी तय होगा कि निगम को कुल कितने राजस्व का नुकसान हुआ और इसके लिए कौन जिम्मेदार है।

गड़बड़ी को देखते हुए एजेंसी को नोटिस दिया गया है। वह क्या कार्रवाई कर रही है, इसका इंतजार किया जा रहा है। इसके बाद आगे फैसला लिया जाएगा।

—सुरूचि सिंह, आयुक्त, नगर निगम भिलाई

Updated on:
16 Nov 2026, 2:51 PM IST
Published on: