
भिलाई. पंडित जवाहरलाल नेहरू अस्पताल एवं अनुसंधान केंद्र सेक्टर-9 में आठ साल के मासूम को दूषित ब्लड से एचआईवी संक्रमित होने का मामला ठंडा भी नहीं पड़ा था कि एक और बच्चे को एचआईवी संक्रमित ब्लड चढ़ाने का मामला सामने आया है। इसके बाद अस्पताल प्रबंधन में हड़कंप मच गया है।
पीडि़त बच्चे के पिता ने इसकी शिकायत सेल चेयरमेन, बीएसपी के सीईओ समेत स्वास्थ्य विभाग के आला अधिकारियों से की है। उन्होंने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा से भी इसकी शिकायत की है। जिस बच्चे पर संक्रमित ब्लड चढ़ाने का आरोप उसके पिता लगा रहे हैं वह बच्चा अभी सिर्फ दो साल का है।
उसके पिता के मुताबिक बच्चे का जन्म सेक्टर-9 अस्पताल में हुआ है। डिलीवरी के बाद ही उसे ब्लड चढ़ाया गया था। जिसकी जानकारी उनको नहीं दी गई थी। अब इस मामले की जांच के लिए स्वास्थ्य विभाग तीन डॉक्टरों की टीम गठित की है। यह टीम बुधवार को जांच करने सेक्टर-9 अस्पताल जाएगी।
बच्चा बीमार हुआ तब खून की जांच से हुआ खुलासा
बच्चे की तबीयत खराब हो गई। उपचार के बाद भी सेहत में सुधार नहीं हुआ। तब डॉक्टर ने खून की जांच का लिए लिखा। जांच में एचआईवी पॉजीटिव आया। ब्लड दोबारा जांच के लिए हैदराबाद लैब भेजा गया। वहां की जांच रिपोर्ट में भी एचआईवी पॉजीटिव आया। न उसे कहीं ब्लड चढ़ाया गया था न और कोई बात थी। बच्चे के माता पिता की भी जांच की गई। दोनों का रिपोर्ट निगेटिव आई।
सूचना के अधिकार में निकाले इलाज के दस्तावेज
बच्चे के पिता ने सूचना का अधिकार के तहत बच्चे के जन्म से संबंधित सारे रिकॉर्ड सेक्टर-9 अस्पताल से मांगे। जिसमें बच्चे को जन्म के बाद ब्लड चढ़ाए जाने का खुलासा हुआ। पिता का आरोप, डिलीवरी उस पद्धति से कराई गई (इंटरनल पाडलिक वर्जन) जिसका उपयोग वर्तमान में नहीं किया जाता। शिशु का जो अंग पकड़ में आ जाए उसे घुमाते हुए बाहर निकाला जाता है।
आईसीयू में रखा गया और वहीं ब्लड चढ़ाया बच्चे को
मूर्छित अवस्था में बाहर आने के कारण बच्चे को आईसीयू में रखा गया। आईसीयू में ही बच्चे को उनकी स्वीकृति के बिना कई बार प्लाजमा और रक्त उत्पाद दिया। 18 दिन बच्चे का इलाज चला। डिस्चार्ज किया गया तब आश्यक दस्तावेज से वंचित रखा गया।
पिता का आरोप वही ब्लड एक दूसरे बच्चे को भी चढ़ाया गया
बच्चे के पिता ने यह भी उल्लेख किया है कि 21 अक्टूबर 2015 से 7 नवंबर 2015 के समय में जिन्होंने रक्तदान किया था उसी में से एक रक्तदाता के मिले प्लेट्स व अन्य रक्त उत्पाद को बच्चे को पढ़ाया गया। उन्होंने शिकायत पत्र में रक्तदाता के क्रमांक का भी उल्लेख किया है। उन्होंने यह भी कहा है कि इसी रक्तदाता का ब्लड एक और बच्चे को चढ़ाया गया है।
वह बच्चा भी संक्रमित हो गया है। उस बच्चे के पिता की शिकायत पर जिला व केंद्र स्तर पर जांच की भी की गई। जिससे प्राप्त कुछ अभिलेखों से स्पष्ट हुआ है कि रक्तदाता से 350 मिली रक्त लिया गया था। जिसमें 250 मिली पैक्ड रेड ब्लड सेल में, 50 मिली प्लेट्स व 80 मिली फ्रेश फोजान प्लाजमा मिले थे।
सीधी बात- बीएसपी सीईओ एम रवि से
सवाल-सेक्टर-9 अस्पताल में एक और बच्चे को संक्रमित ब्लड चढ़ाया गया है। बच्चे के पिता ने आपसे भी इसकी शिकायत की। उनका कहना है कि शिकायत के बाद भी कुछ नहीं किया गया।
जवाब- देखिए एक बच्चे का पूरा इलाज हम करवा रहे हैं। फिर वही बात आप लोग बार-बार क्यों पूछ रहे हैं।
सवाल-मैं उस बच्चे की बात नहीं कर रहा हूं। वो तो आठ साल का बच्चा है जिसका इलाज आप करवा रहे हैं। यह बच्चा तो अभी दो साल का है। इस बच्चे का जन्म सेक्टर-9 अस्पताल में हुआ है। जन्म के बाद ही उसे ब्लड चढ़ाया गया था।
जवाब- अच्छा, हां। रायपुर वाले की बात कर रहे हैं। देखिए यह दो साल पुरानी बात है। मुझसे शिकायत की थी। मैंने पूरी जांच करवाई। सारे दस्तावेज चेक किए। डॉक्टरों की बैठक बुलाई। पूछताछ की। उस समय रिपोर्ट निगेटिव थी। ऐसा भी हो सकता है कि बाद में बच्चे को कहीं और ब्लड चढ़ाया गया हो।
सवाल-बच्चे के पिता का कहना है कि सेक्टर-9 में ब्लड उनकी जानकारी के बिना चढ़ाया गया।
जवाब- उस समय बच्चे को ब्लड चढ़ाना बहुत जरूरी था। ब्लड नहीं चढ़ाया जाता तो खतरा हो सकता था। बच्चे की जान बचाने के लिए ब्लड चढ़ाया गया। अब आप ही बताइए कोई डॉक्टर क्यों गलत करेगा। कोई डॉक्टर ऐसा नहीं चाहता।
सवाल- मैं आपकी बात से सहमत हूं कि कोई डॉक्टर मरीज का अहित नहीं चाहेगा। मैं यह भी नहीं कह रहा हूं कि बच्चे को संक्रमित ब्लड चढ़ाया ही गया है, पर बच्चे के पिता ने जो दस्तावेज दिखाए हैं उसमें कुछ तथ्य तो दिखाई दे रहा है वो सवाल खड़ा करता है?
जवाब-देखिए आरोप लगाने वाला तो कुछ भी आरोप लगाएगा। वह तो मुझसे सीधे बात करता है और आरोप लगता है आप ही दोषी डॉक्टरों को बचा रहे हैं। बहुत ही ऊटपटांग तरीके से बात करता है। जिस समय की बात है उस समय मैं यहां आया ही नहीं था, फिर भी शिकायत मिलने पर मैंने जांच करवाई है। सेक्टर-9 अस्पताल में हम लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधा मुहैया कराने का लगातार प्रयास कर रहे हैं। ऐसी बातें नहीं होनी चाहिए।
एक्सपायरी किट से की गई ब्लड की जांच
सेक्टर-9 अस्पताल से मिले जवाब में एचआईवी संक्रमण के लिए जांच की जा रही ईएलबीए कंपनी की ईएलआईएसए किट अगस्त 2015 में एक्सपाइरी हो चुकी थी। इसी किट से अक्टूबर 2015 में रक्त की जांच की गई थी। सीएमएचओ डॉ. सुभाष पांडेय ने बताया कि सेक्टर-9 अस्पताल में बच्चे को संक्रमित ब्लड चढ़ाने की शिकायत मिली है। इसकी जांच करवाई जाएगी। मैंने डॉ.पीके चंद्राकर के नेतृत्व में तीन डॉक्टरों की जांच टीम बनाई है। यह टीम बुधवार के जांच करने सेक्टर-9 अस्पताल जाएगी।