भिलाई

जनसंपर्क यात्रा समापन कार्यक्रम में भाजपा कार्यकर्ता की कपड़े फटते तक पिटाई, पढि़ए पूरी खबर

भाजपा जनसंपर्क यात्रा समापन कार्यक्रम पाटन बस स्टैंड में बुधवार को कार्यकर्ता कुर्सी को लेकर आपस में ही लड़ पड़े। कार्यकर्ताओं ने जमकर लात घूंसे चलाए।

2 min read
Apr 12, 2018
Bhilai news

भिलाई/ सेलूद/जामगांव आर. भाजपा जनसंपर्क यात्रा समापन कार्यक्रम पाटन बस स्टैंड में बुधवार को कार्यकर्ता कुर्सी को लेकर आपस में ही लड़ पड़े। कुर्सी के विवाद ने इतना तूल पकड़ा कि पूर्व विधायक कैलाश शर्मा के समर्थक और पार्टी के कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे पर जमकर लात घूंसे चलाए। यहां तक कि कार्यकर्ताओं ने कुर्सी खींचने वाले युवक के कपड़े तक फाड़ दिए। इस घटना के वक्त मंच पर भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता संजय श्रीवास्तव, भिलाई जिला भाजपा अध्यक्ष एवं विधायक सांवला राम डाहरे, दुर्ग जिला भाजपा अध्यक्ष उषा टावरी भी मंच पर मौजूद थीं। कार्यकर्ता से हुई मारपीट का वीडियो भी शाम को सोशल मीडिया में वायरल हो गया है।

मनोरंजन के लिए छत्तीसगढ़ी कार्यक्रम
जनसंपर्क यात्रा का समापन का कार्यक्रम पाटन में रखा गया था। इस दौरान ग्रामीणों के मनोरंजन के लिए छत्तीसगढ़ी कार्यक्रम भी रखा गया था। कार्यक्रम को शुरू करने शाम ७ बजे अतिथियों को मंच पर बुलाया गया। मंच पर पहुंचे अतिथियों को कुर्सी दी जा रही थी। इसी दौरान एक युवक ने पूर्व विधायक कैलाश शर्मा की कुर्सी को पीछे की ओर से खींच दिया। इससे वह नीचे गिर गए। पूर्व विधायक गिरते ही कार्यक्रम स्थल पर खलबली मच गई। नाराज उनके समर्थकों ने कुर्सी खींचने वाले पार्टी के ही कार्यकर्ता की जमकर पिटाई कर दी।

माइक से करते रहे अलांउस
भाजपा नेताओं की मौजूदगी में ही कार्यकर्ता की पिटाई हो गई। इस बीच मंच पर उपस्थित नेता माइक से विवाद रोकने की समझाइश दे रहे थे। पदाधिकारी माइक से बार-बार अलाउंस कर रहे थे कि वह भी पार्टी का ही कार्यकर्ता है, इसलिए उस हाथ मत उठाइए पर गुस्साए विधायक समर्थकों ने एक नहीं सुनीं और मारपीट कर दी। पुलिस के पहुंचने पर मामला शांत हुआ। पुलिस कुर्सी खींचने वाले युवक को कार्यक्रम स्थल से हटाकर थाना ले गई। वहीं इस संबंध में प्रदेश प्रवक्ता और पूर्व विधायक शर्मा से संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन उनसे संपर्क नहीं हो पाया।

Published on:
12 Apr 2018 12:31 am