भिलाई

BREAKING : सीएम रमन ने यूपी सीएम आदित्यनाथ की मौजूदगी में भरा नामांकन, पत्नी और बेटे भी थे साथ

प्रदेश के सबसे प्रतिष्ठित और चर्चित राजनांदगांव विधानसभा से मुख्यमंत्री डॉ रमन सिंह ने अपना नामांकन भरा। इस दौरान उनके साथ उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री आदित्यनाथ योगी, पत्नी वीणा सिंह और पुत्र सांसद अभिषेक सिंह भी मौजूद थे।

2 min read
Oct 23, 2018
Rajnandgaon patrika
यूपी सीएम आदित्यनाथ की मौजूदगी में सीएम रमन ने भरा नामांकन, पत्नी और बेटे भी थे साथ

राजनांदगांव. प्रदेश के सबसे प्रतिष्ठित और चर्चित राजनांदगांव विधानसभा से मुख्यमंत्री डॉ रमन सिंह ने अपना नामांकन भरा। इस दौरान उनके साथ उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री आदित्यनाथ योगी, पत्नी वीणा सिंह और पुत्र सांसद अभिषेक सिंह भी मौजूद थे। इसके पूर्व पार्टी कार्यालय से रैली निकाली गई। रैली शहर का विभिन्न चौक-चौराहों से होते हुए कलेक्टोरेट पहुंची। रैली में जिलेभर से आए कार्यकर्ता बाजे-गाजे के साथ चल रहे थे।

सीएम के प्रस्तावक जिला भाजपा अध्यक्ष संतोष अग्रवाल

सीएम ने तीन सेट में अपना नामांकन जमा किया। उनके प्रस्तावक जिला भाजपा अध्यक्ष संतोष अग्रवाल और सर्मथक भाजयुमो प्रदेश कार्यसमिति के सदस्य भावेश वैद्य हैं। उन्होंने कलक्टर भीम सिंह के समक्ष नामांकन सेट जमा किया। बता दें कि इसके एक दिन पहले सोमवार को भी मुख्य मंत्री के नाम से उनके प्रस्तावक ने एक सेट जमा कर दिया था। मंगलवार को पहले चरण के चुनाव के लिए कलक्टोरेट परिसर में नामांकन के लिए अभ्यर्थियों की भीड़ लगी रही। राजनांदगांव से प्रत्याशी घोषित किए गए मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह के अलावा अन्य अभ्यर्थियों ने भी आज नामांकन भरा।

22 अक्टूबर को 38 व्यक्तियों ने नाम निर्देशन पत्र जमा किए
उप जिला निर्वाचन अधिकारी ओंकार यदु ने बताया कि 22 अक्टूबर को जिले के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों के कुल 61 व्यक्तियों ने फार्म लिया और कुल 38 व्यक्तियों ने नाम निर्देशन पत्र जमा किए थे। खैरागढ़ विधानसभा में 6, डोंगरगढ़ विधानसभा में 10, राजनांदगांव विधानसभा में 20, डोंगरगांव विधानसभा में 5, खुज्जी विधानसभा में 14 तथा मोहला-मानपुर विधानसभा में 6 व्यक्ति ने नाम निर्देशन पत्र लिया।

आज नामांकन दाखिले का अंतिम दिन
राजनांदगांव जिले में पहले चरण में १२ नवम्बर को मतदान होगा। इसके लिए नामांकन दाखिले का २३ अक्टूबर मंगलवार को आखिरी दिन है। भाजपा कांग्रेस सहित विभिन्न राजनीति पार्टी के प्रत्याशियों ने आज नामांकन भरा।

फार्म की बिक्री देख प्रशासन चिंता में
प्रदेश के मुख्यमंत्री की सीट राजनांदगांव विधानसभा सीट से नामांकन फार्म खरीदने वालों का एक तरह से मेला लगा हुआ था। यहां से सोमवार को २० लोगों ने फार्म खरीदा है। पहले दिन १६, दूसरे दिन ६, तीसरे दिन २ और चौथे दिन १६ लोगों ने नामांकन फार्म खरीदा था। इस तरह यहां से अब तक ६० लोगों ने नामांकन फार्म खरीद लिया है। थोक में नामांकन पत्र को देखकर प्रशासन चिंता में आ गया है। पिछली बार भी यहां से ३२ प्रत्याशी चुनाव मैदान में थे और प्रशासन को दो इवीएम लगाने पड़े थे। एक इवीएम में १६ प्रत्याशियों के ही नाम आ सकते हैं। ऐसे में अब तक की स्थिति को देखकर लगता है इस बार यहां तीन से चार इवीएम लगाने पड़ सकते है।

Published on:
23 Oct 2018 01:58 pm