
Chhattisgarh News: भिलाई के ट्रांसपोर्ट नगर स्थित एक कबाड़ी गोदाम में पुलिस की छापेमारी से हड़कंप मच गया। पुलिस ने पांडेय के कबाड़ी गोदाम में दबिश दी, जहां एक ट्रेलर में बड़ी मात्रा में रेल पटरियां लोड होने की जानकारी सामने आई है। बताया जा रहा है कि इन पटरियों को भिलाई इस्पात संयंत्र (बीएसपी) से लाकर गोदाम में कटवाने की तैयारी थी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार, एक जनप्रतिनिधि की शिकायत के आधार पर पुलिस ने ट्रांसपोर्ट नगर स्थित कबाड़ी गोदाम में छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान शिकायतकर्ता जनप्रतिनिधि भी मौके पर मौजूद रहे। गोदाम परिसर में खड़े ट्रेलर में रेल पटरियां लोड मिलीं, जिन्हें बीएसपी का बताया जा रहा है।
बताया जा रहा है कि रेल पटरियों को बीएसपी से लाकर कबाड़ी गोदाम में कटवाने की तैयारी थी। हालांकि, पटरियों को किस प्रक्रिया के तहत गोदाम तक लाया गया और इन्हें काटने के लिए आवश्यक अनुमति ली गई थी या नहीं, यह जांच का विषय है। पुलिस रेल पटरियों के स्वामित्व और परिवहन से संबंधित दस्तावेजों की जांच कर रही है। फिलहाल मामले में पुलिस की आगे की कार्रवाई को लेकर आधिकारिक जानकारी का इंतजार है। दस्तावेजों की जांच के बाद ही पटरियों के स्रोत और उन्हें गोदाम तक लाने से जुड़े तथ्यों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।