भिलाई

CG Ajab Gajab: 90 साल से इस गांव में नहीं खेली गई होली, रंग उत्सव में बेरंग रहते हैं यहां के लोग

दुर्ग संभाग के चंदनबिरही गांव में आज भी 1926 से होली नहीं खेलने की परंपरा चली आ रही है।
2 min read
• •
Updated: 27 Feb 2018, 6:37 PM IST
Holi chhattisgarh

दाक्षी साहू@भिलाई. देश गुलामी के दौर से आजाद हो गया। नई सोच के साथ नई परंपराएं बन गई लेकिन दुर्ग संभाग के चंदनबिरही गांव में आज भी 1926 से होली नहीं खेलने की परंपरा चली आ रही है। होली में जब पूरा देश रंगों से सराबोर रहता है तो इस गांव के लोग बेरंग होकर ईश्वर की आराधना में लीन रहते हैं।

ढोल-नगाड़ों की थाप, नाच-गान, फाग गीतों से दूर ग्रामीण आस्था का केंद्र मां बगदाई की शरण में सात दिनों तक २४ घंटे अनवरत रामसत्ता का पाठ करते हैं। ताकि गांव के लोगों पर किसी भी तरह की विपत्ति न आए। गांव की नई पीढ़ी ने भी पूर्वजों की 90 साल की परंपरा को बनाए रखा है।

ऐसे शुरू हुई परंपरा
जिला मुख्यालय से लगभग 40 किमी. दूर चंदबिरही गांव के सरपंच नेतराम साहू ने बताया कि वर्ष 1926 से पहले फाल्गुन माह में गांव के छोटे बच्चों की किसी न किसी कारण से मौत हो जाती थी। लगातार कई वर्षों तक छोटे बच्चों के आकस्मिक मौत का सिलसिला चलता रहा। उस वक्त गुंडरदेही के राजा ठाकुर निहाल सिंह को इस घटना की सूचना मिली।

राजा ने गांव का भ्रमण करते हुए होली न मनाकर उस समय रामसत्ता का पाठ करने का सुझाव दिया। लगातार सातों दिन 24 घंटे होली पर रामसत्ता का पाठ किया गया। जिसके बाद गांव में छोटे बच्चों की मौत रूक गई। तब से लेकर आज तक ग्रामीण होली के तीन दिन पहले से रामसत्ता का पाठ शुरू कर देते हैं। यह होली के बाद चौथे दिन जारी रहता है।

हम नहीं जानते क्या होती है पिचकारी
होली पर रंग-गुलाल तो छोड़ ही दीजिए यहां के बच्चों ने पिचकारी तक नहीं देखी है। गांव के बुजुर्ग मनोहर लाल देवांगन बताते हैं कि 82 वर्ष की उम्र में आज तक उन्होंने इस गांव में किसी को पिचकारी से रंग खेलते नहीं देखा। नगाड़ा बजाते नहीं देखा। इस बात का कभी मलाल भी नहीं रहा।

रामसत्ता के छठवें दिन दही लूट पर माथे पर गुलाल लगाकर बड़े-बुजुर्गों का अशीर्वाद लेते हैं। गुंडरदेही क्षेत्र में अपने अजीबो-गरीब परंपरा के कारण चंदनबिरही लोगों के आकर्षण का केंद्र है। होली पर होने वाली रामसत्ता को देखने और सुनने दूर-दूर से लोग यहां आते हैं।

दूसरा तीज मनाने आती हैं पीहर बेटियां
चंदनबिरही गांव में होली पर सात दिनों तक चलने वाला रामसत्ता प्रमुख त्योहार माना जाता है। ग्रामीण ईश्वरदास मनिकपुरी ने बताया कि साहू, देवांगन, कवर, धोबी और गोड़ बाहुल गंाव के लोग एकजुट होकर इसे ही उत्सव के रूप में मनाते हैं। गांव की बेटियां दूसरे तीज के रूप में रामसत्ता पर अपने मायके आती हैं। पीहर में अनोखे त्योहार का हिस्सा बनती हैं।

Updated on:
27 Feb 2018, 6:37 PM IST
Published on: