भिलाई

Pharmacy Admission: छत्तीसगढ़ के फार्मेसी कॉलेजों में प्रवेश का इंतजार खत्म, 1 सितंबर से शुरू होगी काउंसलिंग, शेड्यूल जारी

Pharmacy Admission: फार्मेसी कॉलेजों में एडमिशन का इंतजार खत्म हो गया है। 1 सितंबर से काउंसलिंग शुरू होगी। पहले चरण का पंजीयन 5 सितंबर तक होगा और 8 सितंबर को पहली सीट आवंटन सूची जारी होगी।
2 min read
Aug 30, 2026
Chhattisgarh Pharmacy Colleges
फार्मेसी कॉलेजों में शुरू होगी काउंसलिंग (photo Patrika)

Chhattisgarh Pharmacy Colleges: प्रदेश के फार्मेसी कॉलेजों में प्रवेश का इंतजार अब खत्म होने जा रहा है। तकनीकी शिक्षा संचालनालय ने काउंसलिंग का शेड्यूल जारी कर दिया है। पहले चरण के लिए ऑनलाइन पंजीयन एक से पांच सितंबर तक होंगे। छह सितंबर को मेरिट सूची जारी की जाएगी और सात सितंबर को दावा-आपत्ति का मौका मिलेगा। आपत्तियों के निराकरण के बाद आठ सितंबर को सीटों का पहला आवंटन होगा। आवंटित सीट पर 9 से 11 सितंबर तक प्रवेश लेना होगा।

13 सितंबर से दूसरा दौर

दूसरे चरण के लिए 13 से 16 सितम्बर तक पंजीयन होंगे। मेरिट सूची 17 सितम्बर को जारी होगी और 18 सितंबर शाम पांच बजे तक दावा-आपत्ति की जा सकेगी। 19 सितंबर को सीट आवंटन के बाद 20 से 22 सितंबर तक संबंधित कॉलेज में प्रवेश लेना होगा।

सीटें बचीं तो संस्था स्तर पर मौका

सीटें खाली रहने पर तीसरे चरण की काउंसलिंग संस्था स्तर पर होगी। इसके लिए 24 से 26 सितंबर तक पंजीयन और 27 सितंबर को मेरिट सूची जारी की जाएगी। मेरिट के आधार पर संस्था स्तर पर सीट आवंटन के लिए अभ्यर्थी को 28 सितंबर सुबह 10 बजे संबंधित कॉलेज में उपस्थित होना होगा। प्रवेश प्रक्रिया 28 सितम्बर दोपहर एक बजे से 29 सितम्बर दोपहर एक बजे तक चलेगी।

एक चरण में प्रवेश, दूसरे में पंजीयन पर निरस्तीकरण

एक पाठ्यक्रम के लिए एक अभ्यर्थी का केवल एक ऑनलाइन आवेदन स्वीकार किया जाएगा। प्रत्येक चरण के लिए अलग पंजीयन जरूरी होगा। दूसरे चरण में पंजीयन करने पर पहले चरण में लिया गया प्रवेश स्वत: निरस्त माना जाएगा। संस्था स्तर की काउंसलिंग में अभ्यर्थी केवल एक संस्था का चयन कर सकेगा, हालांकि वहां उपलब्ध पाठ्यक्रमों के विकल्प भर सकेगा।

मूल दस्तावेजों के सत्यापन के बाद प्रवेश

सीट आवंटन अस्थायी होगा। संस्था और पाठ्यक्रम आवंटित होने के बाद अभ्यर्थी को संबंधित कॉलेज में जाकर मूल दस्तावेजों का परीक्षण और सत्यापन कराना होगा। दस्तावेज सही पाए जाने के बाद ही प्रवेश दिया जाएगा। काउंसलिंग का विस्तृत शेड्यूल और दिशा-निर्देश तकनीकी शिक्षा संचालनालय की वेबसाइट और प्रवेश पोर्टल पर उपलब्ध हैं।

Updated on:
30 Aug 2026 03:00 pm
Published on:
30 Aug 2026 02:59 pm