
Chhattisgarh Education News: छत्तीसगढ़ में तकनीकी शिक्षा के बुनियादी ढांचे, आधुनिक प्रयोगशालाओं और शोध (रिसर्च) गतिविधियों को नई गति देने के लिए केंद्र सरकार की बहुविषयी शिक्षा एवं तकनीकी शिक्षा में अनुसंधान सुधार योजना (मेरिट) के तहत प्रदेश के आठ प्रमुख संस्थानों का चयन किया गया है। इस योजना के अंतर्गत राज्य के इन संस्थानों को कुल 80 करोड़ रुपए की वित्तीय सहायता मिलेगी। इसमें सबसे बड़ी हिस्सेदारी छत्तीसगढ़ स्वामी विवेकानंद तकनीकी विश्वविद्यालय (सीएसवीटीयू), भिलाई को मिली है, जिसे 18 करोड़ रुपए का अनुदान स्वीकृत हुआ है। इसके अलावा प्रदेश के पांच शासकीय इंजीनियरिंग कॉलेजों (सीजीआईटी/जीईसी) और दो शासकीय पॉलिटेक्निक संस्थानों को भी इस योजना में शामिल किया गया है।
सीएसवीटीयू को मिलने वाली 18 करोड़ रुपए की राशि से विवि में उच्च स्तरीय तकनीकी शिक्षा और अनुसंधान सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा। इसके तहत आधुनिक प्रयोगशालाओं के उन्नयन, डिजिटल शिक्षण प्रणाली के विस्तार, प्राध्यापकों के कौशल प्रशिक्षण और नवाचार आधारित शोध कार्यों को बढ़ावा दिया जाएगा। इससे प्रदेश भर के तकनीकी विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान के साथ-साथ प्रत्यक्ष प्रयोग और आधुनिक औद्योगिक तकनीक सीखने के बेहतर अवसर मिलेंगे।
रायपुर, बिलासपुर से बस्तर-सरगुजा तक के संस्थानों को लाभ योजना के तहत प्रदेश के सभी संभागों के प्रमुख शासकीय तकनीकी संस्थानों को शामिल किया गया है। रायपुर, बिलासपुर, जगदलपुर, कवर्धा और जशपुर स्थित पांच शासकीय इंजीनियरिंग संस्थानों को 10-10 करोड़ रुपए की राशि मिलेगी। वहीं, प्रदेश के दो प्रतिष्ठित पॉलिटेक्निक संस्थानों उदय प्रसाद उदय शासकीय पॉलिटेक्निक (दुर्ग) और किरोड़ीमल शासकीय पॉलिटेक्निक (रायगढ़) को 6-6 करोड़ रुपए का अनुदान प्राप्त होगा।
संस्थान सहायता राशि
सीएसवीटीयू, - 18 करोड़
सीजीआईटी रायपुर - 10 करोड़
सीजीआईटी, बिलासपुर - 10 करोड़
सीजीआईटी जगदलपुर - 10 करोड़
सीजीआईटी कवर्धा - 10 करोड़
सीजीआईटी जशपुर - 10 करोड़
शासकीय पॉलीटेक्निक, दुर्ग - 6 करोड़ रुपए
शासकीय पॉलीटेक्निक, रायगढ़ - 6 करोड़ रुपए
कुल 80 करोड़