Electric Bus Service: शहर में सार्वजनिक परिवहन का सफर अब जेब पर भारी नहीं पड़ेगा। साल के अंत तक भिलाई-दुर्ग की सडक़ों पर उतरने जा रही वातानुकूलित (एसी) इलेक्ट्रिक बसों का किराया इतना किफायती होगा कि इसके मुकाबले ऐप आधारित कैब 21 गुना और ऑटो 13 गुना से भी अधिक महंगे साबित होंगे। उदाहरण के तौर पर, रेलवे स्टेशन दुर्ग से पावर हाउस तक के सफर के लिए जहां ऐप कैब में 323 रुपए और ऑटो में 200 रुपए तक खर्च करने पड़ते हैं, वहीं एसी ई-बस में महज 15 रुपए लगेंगे। नगर पालिक निगम भिलाई को केंद्र की योजना के तहत कुल 50 ई-बसों के संचालन की मंजूरी मिली है, जिनमें से पहले चरण में 20 एसी ई-बसें सडक़ों पर उतारने की तैयारी अंतिम चरण में है।