भिलाई

मोबाइल बांटने 28 अफसरों, 120 कर्मचारियों की ड्यूटी, 6 जान जाने के बाद डेंगू नियंत्रण में सिर्फ 12 सफाई दरोगा…

स्वास्थ्य विभाग के एक प्रभारी स्वास्थ्य अधिकारी और 12 सफाई दरोगा के अलावा अन्य किसी भी विभाग के अफसरों और कर्मियों को कोई अतिरिक्त जिम्मेदारी नहीं दी गई है।
2 min read
• •
Updated: 9 Aug 2018, 10:45 AM IST
patrika
मोबाइल बांटने 28 अफसरों, 120 कर्मचारियों की ड्यूटी, 6 जान जाने के बाद डेंगू नियंत्रण में सिर्फ 12 सफाई दरोगा...

भिलाई . शहर में डेंगू का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। वहीं निगम प्रशासन का एक बड़ा अमला सरकार की ओर से लोगों को मुफ्त में दी जा रही मोबाइल बांटने में व्यस्त हंै। शहर में आठ स्थानों पर लगाए गए शिविर में 6 अफसर, 22 इंजीनियर और 1२० कर्मचारियों की टीम लगी हुई है। इतना ही नहीं काम में लापरवाही पर आयुक्त ने निलंबन की चेतावनी भी दे रखी है।

वहीं दूसरी ओर डेंगू नियंत्रण के लिए रुटीन सफाई को ही विशेष अभियान का नाम दे दिया गया है। अभियान में स्वास्थ्य विभाग के एक प्रभारी स्वास्थ्य अधिकारी और 12 सफाई दरोगा के अलावा अन्य किसी भी विभाग के अफसरों और कर्मियों को कोई अतिरिक्त जिम्मेदारी नहीं दी गई है।

कई इलाकों में अब तक नहीं पहुंचा स्वच्छता दल
शहर के कई इलाकों में अब तक निगम का स्वास्थ्य विभाग और स्वच्छता दल पहुंच ही नहीं पाया है। वार्ड-१४, २१ और २२ के पार्षद और स्वयंसेवी संगठन के लोग डोर-टू-डोर संपर्क कर कूलर का पानी खाली करवा रहे हैं। मिट्टी का तेल या फिर जला ऑयल डालने के लिए प्रेरित कर रहे हैं। पार्षदों ने बताया कि निगम का दल नहीं आया इसलिए अपने वार्ड को डेंगू प्रभावित होने से बचाने खुद मैदान में उतर गए हैं। फिल्ड में काम करने वाली मितानीन और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की ड्यूटी मोबाइल बांटने में लगी है।

कलेक्टर ने कहा-हर बुखार को डेंगू मानकर करें टेस्ट
ाडेंगू को लेकर गंभीर हुए जिला प्रशासन अब सख्त रुख अपना रहा है। शाम को सुपेला अस्पताल पहुंचे कलक्टर उमेश अग्रवाल ने अस्पताल के प्रभारी डॉ बीपी तिवारी को फटकार लगाई। उन्होंने मंगलवार को डेंगू से मृत दीपाली के इलाज में लापरवाही करने वाली चिकित्सक के खिलाफ जांच के आदेश दिए।

कलेक्टर ने जिले के अधिकारियों से कहा कि अब डेंगू से कोई मौत ना हो इसलिए मॉनिटरिंग तेज कर दें। साथ ही बुखार के हर मरीज को डेंगू संभावित समझकर उसका ब्लड टेस्ट जरूर करें। वैशाली नगर के विधायक विधायक विद्यारतन भसीन भी अस्पताल पहुंचे और डेंगू प्रभावितों के इलाज व्यवस्था की जानकारी ली।

स्टाक में सौ यूनिट ब्लड, अस्पतालों में बेड आरिक्षत रखने कहा
कलक्टर अग्रवाल ने बताया कि डेंगू मरीजों का निजी अस्पताल और नर्सिग होम में फ्री इलाज होगा। इसके लिए सभी अस्पतालों में 10-10 बैड आरक्षित रखने कहा गया है। उन्होंने कहा कि बैठक में कई अस्पताल के लोग नहीं आए थे। उन्हें भी निर्देश दे दिए जाएंगे। साथ ही उन्होंने ब्लड बैंक में 100 यूनिट ब्लड का स्टॉक रखने का है. इसके लिए सभी एनजीओ से रक्तदान करने की अपील भी की।

स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्रों में भी बच्चों पर खास नजर
कलेक्टर ने करीब दो घंटे मीटिंग लेकर शिक्षा विभाग को भी जागरुकता अभियान में शामिल होने के निर्देश दिए। अब स्कूल और आंगनबाड़ी के जरिए भी बीमार लोगों पर नजर रखी जाएगी। बैठक में एडीएम संजय अग्रवाल, निगम आयुक्त केएल चौहान, सीएचएमओ डॉ. सुभाष पांडेय, मलेरिया नियंत्रण अधिकारी डॉ. मंडल, जिला शिक्षा अधिकारी आशुतोष चावरे सहित कई अधिकारी मौजूद थे।

अस्पताल प्रभारी के पास डेंगू प्रभावितों का कोई रिकॉर्ड नहीं
कलेक्टर अग्रवाल ने बैठक के पहले अस्पताल के मेल वार्ड का निरीक्षण किया। वहां सामने रखे गंदे कूलर को देख वे भड़क गए और जब उनके कार्यालय में डेंगू संबंधी कोई भी रिकॉर्ड को नहीं देखा तो उन्होंने काफी फटकार लगाई। डॉ. तिवारी ना तो स्टॉफ की जानकारी दे पाए और ना ही डेंगू प्रभावितों के आज का रिकॉर्ड बता पाए। तभी पैथोलॉजी के इंचार्ज ने पूरा डाटा प्रस्तुत किया।

Updated on:
9 Aug 2018, 10:45 AM IST
Published on: