भिलाई

संभाग आयुक्त की कड़ी टिप्पणी: कहा यह न्यायालय है, भिलाई नगर निगम नहीं, पढ़ें खबर

निगम सदन में गाली-गलौज करने वाले कांग्रेसी पार्षदों के खिलाफ बगैर साक्ष्य के न्यायालय में दस्तावेज प्रस्तुत करने पर संभागायुक्त ने निगम प्रशासन पर कड़ी टिप्पणी की।
2 min read
• •
Updated: 5 Jul 2018, 9:49 PM IST
Bhilai patrika
संभाग आयुक्त की कड़ी टिप्पणी: कहा यह न्यायालय है, भिलाई नगर निगम नहीं, पढ़ें खबर

भिलाई. नगर पालिक निगम के सदन में गाली-गलौज करने वाले कांग्रेसी पार्षदों के खिलाफ बगैर साक्ष्य के न्यायालय में दस्तावेज प्रस्तुत करने पर संभागायुक्त बृजेशचंद्र मिश्रा ने निगम प्रशासन पर कड़ी टिप्पणी की। संभागायुक्त ने निगम प्रशासन से यहां तक कहा कि यह न्यायालय है, भिलाई नगर निगम नहीं। ऐसा कुछ भी प्रकरण बिना साक्ष्य के न्यायालय में लेकर आ जाओगे। बगैर साक्ष्य के प्रकरण की सुनवाई कर हम लोगों को प्रताडि़त करते रहें, ऐसा नहीं चलेगा।

23 अगस्त तक जवाब प्रस्तुत का समय निर्धारित
निगम के तत्कालीन आयुक्त जीएस ताम्रकार से विवाद के मामले में सुनवाई के लिए कांग्रेस के 10 पार्षद अधिवक्ता अमर चोपड़ा के साथ संभागायुक्त के न्यायालय में उपस्थित हुए। निगम प्रशासन की ओर से सचिव जीवन वर्मा और अधिवक्ता वैष्णव ने कांग्रेसी पार्षदों पर लगाए गए आरोप से संंबंधित दस्तावेज प्रस्तुत किए। पार्षदों की ओर से अधिवक्ता ने दस्तावेज का अध्य्यन करने के बाद ही अपना जवाब प्रस्तुत करने की दलील दी। संभागायुक्त से अध्य्यन के लिए समय मांगा। जिस पर संभागायुक्त ने अगली सुनवाई के लिए 23 अगस्त तक जवाब प्रस्तुत का समय निर्धारित किया। इसके बाद सचिव ने सदन में गाली-गलौज और अधिकारियों से मारपीट की धमकी देने के आरोप से संबंधित प्रकरण को प्रस्तुत किया। जिसे पढऩे के बाद संभागायुक्त ने सचिव पर नाराजगी जताई।

23 अगस्त तक जवाब देंगे कांग्रेसी पार्षद
आयुक्त से विवाद के मामले में काग्रेसी पार्षदों को २३ अगस्त तक जवाब प्रस्तुत करना है। जवाब प्रस्तुत करने के बाद गवाहों का बुलाया जाएगा। गवाहों का बयान होने के बाद ही आगे की कार्रवाई होगी।

14 दिन के अंदर साक्ष्य प्रस्तुत करें
संभागायुक्त ने निगम प्रशासन के प्रतिनिधि सचिव जीवन वर्मा को जमकर फटकार भी लगाई। सदन में गाली-गलौज करने वाले चार कांग्रेसी पार्षदों के खिलाफ १४ दिन के अंदर साक्ष्य प्रस्तुत करने निर्देशित किया है। निर्धारित अवधि में दस्तावेज प्रस्तुत नहीं करने पर साक्ष्य के अभाव में प्रकरण के खात्मा करने की बात कही है।

आयुक्त चौहान ने की एक और शिकायत की
बता दें कि अधिकारियों की शिकायत पर निगम आयुक्त केएल चौहान ने पिछले माह ४ जून को सदन में गाली-गलौज और अधिकारियों को मारपीट की धमकी देने वाले चार पार्षद केशव बंछोर, तुलसी पटेल, साकेत चंद्राकर और ममता ठाकुर के खिलाफ प्रकरण तैयार कर संभागायुक्त को कार्रवाई के लिए पत्र लिखा है।

13 में से 10 कांग्रेसी पार्षद हुए उपस्थित
संभागायुक्त के समक्ष नौ कांग्रेसी पार्षद नीरजपाल, जोहन सिन्हा, केशव बंछोर, साकेत चंद्राकर, दुर्गा प्रसाद साहू, नरेश कोठारी, राजेन्द्र रजक, तुलसी पटेल, सुशीला देवांगन, सोशन लोगन उपस्थित हुए। पार्षद लक्ष्मीपति राजू ,सत्येन्द्र बंजारे और पूर्व पार्षद गफ्फार खान की अनुपस्थिति में अधिवक्ता रविशंकर सिंह उपस्थित हुए।

मामला 2016 का है
निगम में नेता प्रतिपक्ष रिकेश सेन के चेंबर को लेकर तत्कालीन निगम आयुक्त जीएस ताम्रकार से विवाद हुआ था। तत्कालीन महापौर परिषद के १२ सदस्य और एक पूर्व पार्षद १५ मार्च २०१६ को नेता प्रतिपक्ष के चेंबर का अलॉटमेंट और खर्च के संबंध में आयुक्त से शिकायत करने गए। तब वहां विवाद की स्थिति निर्मित हुई। आयुक्त ताम्रकार ने सुपेला थाने में १२ एमआईसी मेंबर और पूर्व पार्षद गफ्फान के खिलाफ लिखित में शिकायत की थी।। इसी शिकायत को आधार बनाकर सुपेला निवासी गोविंदा चौहान ने एमआईसी सदस्यों के खिलाफ संभागायुक्त से शिकायत की।

Published on: