
भिलाई. छत्तीसगढ़ आम्र्स फोर्स भर्ती परीक्षा के लिए रविवार को श्रीशंकराचार्य टेक्निकल कैम्पस को केंद्र बनाया गया था। इस केंद्र में शामिल हुए करीब आधा सैकड़ा अभ्यर्थियों ने आरोप लगाया है कि परीक्षा के दौरान खराब व्यवस्था की वजह से उनका आधा घंटा बर्बाद हो गया। कक्ष क्रमांक 1006 के अभ्यर्थियों के मुताबिक परीक्षा 3 बजे से शुरू हुई, लेकिन साढ़े 4 बजे के आसपास बिजली गुल हो गई। कमरे में पूरी तरह से अंधेरा छा गया। उत्तर ओएमआर शीट में दिए जाने थे, लेकिन अंधेरा इतना था कि कुछ भी लिख पाना मुश्किल हो रहा था।
परीक्षा केंद्र में जनरेटर की कोई व्यवस्था नहीं की
ओएमआर में गोले लगाने में भी दिक्कत आ रही थी। बाहर बारिश हो रही थी, इसलिए पहले ही रौशनी बहुत कम थी। इस दिक्कत के बाद भी परीक्षा केंद्र प्रभारी ने जनरेटर की कोई व्यवस्था नहीं की। अभ्यर्थियों ने बताया कि पर्यवेक्षक को जब इसके बारे में बोला गया, तो उन्होंने अतिरिक्त समय देने की बात कही, लेकिन जैसे ही 5 बजे पेपर समाप्त हुआ अपनी बात से यह कहकर मुकर गए कि अधिकारियों ने अतिरिक्त समय देने से मना किया है। वक्त पर सभी अभ्यर्थियों के पेपर ले लिए गए।
परीक्षा लिखते वक्त लिए गया थंब इंप्रेशन
अभ्यर्थियों ने बताया कि दोपहर एक बजे रिपोर्ट करने कहा गया था। ३ बजे के पहले सभी अभ्यर्थियों का बायोमैट्रिक अटेंडेंस और फोटो लेने के बाद ही उन्हें कक्ष में भीतर जाने का नियम था, लेकिन यहां ऐसा नहीं हुआ, बल्कि परीक्षकों ने बिना प्रक्रिया पूरी किए ही कक्ष में एंट्री दे दी और पेपर हल करते वक्त कक्षा में आकर बायोमैट्रिक व फोटो लिया। इस तरह भी काफी वक्त बर्बाद हो गया। ३.१५ बजे तक भी कुछ अभ्यर्थियों को कक्ष में भेजा गया, जबकि वे रिपोर्टिंग टाइम के समय से ही मौजूद थे। इधर, परीक्षा केंद्र ने इस बात को नकार दिया है।
समय देने की बात तो कभी हुई ही नहीं।
परीक्षा प्रभारी राजेश तिवारी ने बताया कि काफी अभ्यर्थी थे जो समय पर केंद्र नहीं पहुंचे। सीएएफ के अधिकारियों से चर्चा करने के बाद उन्हें शामिल किया गया, वरना उनका पेपर छूट जाता। जहां तक कमरे में अंधेरे का प्रश्न है तो ऐसा कुछ नहीं हुआ। काफी रोशनी थी, पेपर हल करने के लिए पर्याप्त। अतिरिक्त समय देने की बात तो कभी हुई ही नहीं।