भिलाई

Video: निर्माणाधीन औद्योगिक भवन का स्लैब ढहा, पांच महिलाओं समेत सात मजदूर दबे, मचा अफरा-तफरी

हथखोज के इंजीनियरिंग पार्क के एक निर्माणीधीन दो मंजिला भवन के छत का एक बड़ा हिस्सा ढह गया।
3 min read
• •
Updated: 27 Feb 2018, 10:59 AM IST
patrika

भिलाई. हथखोज के इंजीनियरिंग पार्क के एक निर्माणीधीन दो मंजिला भवन के छत का एक बड़ा हिस्सा ढह गया। जिसमें वहां काम कर रहे पांच महिलाओं समेत सात मजदूर नीचे गिर कर दब गए। यह घटना सोमवार को शाम करीब 4.30 बजे की है। वहां ढलाई का काम चल रहा था। करीब 100 मजदूर काम कर रहे थे।

छत के एक हिस्से के अचानक गिर से जाने से वहां चीख पुकार मच गया। यह घटना लकड़ी के लगाए गए सेंटिं्रग टूटने से हुई। सेंट्रिंग व मलबे में दबे मजदूरों को अन्य मजदूरों ने बाहर निकाला। सभी को तुरंत सुपेला अस्पताल भेजा गया। जहां से सभी घायलों को जिला अस्पताल रेफर किया गया। घायलों में दो मजदूरों की हालत गंभीर है। इस मामले में पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

सभी मजदूर भागे नीचे की ओर
घटना के बाद मौके पर काम कर रहे कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई। श्रमिक आनन-फानन में ऊपर से नीचे की ओर भागे। नीचे उतकर साथी कर्मियों को संभाला। इस बीच किसी ने पुलिस कंट्रोल रूम में फोन कर घटना की सूचना दी। जहां से पीसीआर-१ को सूचना दी गई। श्रमिकों ने मिलकर साथियों को हॉस्पिटल पहुंचाया।

पुलिस के मुताबिक सीएसआईडीसी की जमीन लीज पर लेकर तीन पार्टनर यहां उद्योग लगा रहे हैं। इसमें रायपुर के हरीश निहिचलानी, भिलाई सेक्टर-9 के पद्मजा नायडु, ईटी राव शामिल हैं। उद्योग में दो मंजिला दफ्तर तैयार किया जा रहा है। इसी निर्माणाधीन भवन के सामने का हिस्सा गिरा है। ऐसा माना जा रहा है कि छत का जो हिस्सा गिरा वहां सेटिं्रग कमजोर था। घटना के समय नीचे कोई मजदूर नहीं था,नहीं तो यह और खतरनाक हो जाता।

प्रत्यक्षदर्शी महिला ने आंखों देखी हाल बताते हुए बतया कि वह छत पर ढलाई कर रही महिलाओं को काम करते देख रही थी। महिला मजदूरों को लेकर आई थी। घटना शाम को करीब ४.३० बजे की है। अचानक उपरी मंजिल से चीखने की आवाज आई। उपर जो दृश्य देखा उससे तो मेरे होश उड़ गया। छत का एक हिस्सा अचानक गिर गया। वहां काम कर रहे मजदूर नीचे गिर रहे थे। मैं भी चिल्लाने लगी। अन्य मजदूर भाग कर आए। नीचे दबे मजदूरों को निकालने में जुट गए।

मैं तो कांप रही थी। बहुत दिल दहलाने वाला दृश्य था। उस समय तीन मिक्सचर मशीन से ढलाई के लिए मटीरियल ऊपर आ रहा था। अलग-अलग गैंग के कर्मचारी ढलाई के काम में जुटे थे। इस बीच चंद कदम दूर में मिस्त्री शंकर साहू डाले जा रहे मटीरियल को बराबर करने में जुटा था।

रेजा गायत्री, दुर्गा व शांति ने मटीरियल लाकर बंधे हुए राड के बीच डालने झुकते दिखीं। वह वापस खड़े होते नजर नहीं आई। छज्जा का वह हिस्सा चर-चर आवाज करता हुआ गिरा। इसमें मौजूद सारे लोगों को एक साथ गिरेते देखा। चार अलग-अलग ठेकेदार के श्रमिक यहां काम कर रहे थे। इसमें सबसे अधिक रायपुर के हैं।

ढलाई करने ठेकेदारों ने अलग-अलग गैंग को इस काम में लगाया था। इस घटना में गायत्री साहू और मिस्त्री शंकर को गंभीर चोट लगी है। दर्द से कराहती गायत्री हॉस्पिटल में अपना नाम तक नहीं बता पा रही थी। साथ में आए मजदूरों ने उसका नाम बताया।

मिस्त्री शंकर का कमीज खून से लाल हो गया था। अन्य घायल मजदूरों में मुनिया, दुर्गा बाई, शांति साहू, शांति यादव व हरिदास मानिकपुरी शामिल हैं। हरिदास मानिपुरी वहां का चौकीदार है। सभी घायलों को पीठ व कमर में चोट लगी है। वे असहनीय दर्द से वे तड़प रहे थे। अस्पताल की टीम ने जल्द उनको प्राथमिक उपचार कर एम्बुलेंस 108 से दुर्ग हॉस्पिटल रवाना किया।

बुजुर्ग भी आया चपेट में
हरिदास मानिकपुरी ने बताया कि वह चौकीदार है। उसके चेहरे, आंख, कमर व पैर में गंभीर चोट है। खून लगातार चेहरे से निकलता जा रहा था। उसने बताया कि ढलाई चल रहा था। जिसमें मजदूर अधिक लगते हैं। इसलिए वह ढलाई करने में जुट गया था।

घटना में घायल श्रमिकों को स्ट्रेक्चर से हॉस्पिटल के भीतर ले जाया गया। घायल मजदूर दर्द से तपड़ रहे थे। कोई अपने पारों पर खड़ा नहीं हो पा रहे थे।मिस्त्री शंकर ने बताया कि उसके कमर व सीने के पास चोट लगी है। उसे सांस लेने में दिक्कत हो रही है।

ठेकेदार को लिया गया हिरासत में
भिलाई तीन पुलिस ने रायुपर के ठेकेदार खूबलाल साहू को हिरासत में लिया है। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। पुलिस ने बताया कि घटना में घायल मजदूरों का हॉस्पिटल में इलाज चल रहा है। सूचना मिलते ही पब्लिक कॉल रिस्पांस (पीसीआर-1) की टीम सबसे पहले मौके पर पहुंची। पीसीआर-1 में दो घायल मजदूरों को पहले सुपेला अस्पताल पहुंचाया गया। इसके पीछे १०८ में तीन घायल मजदूरों को लेकर हॉस्पिटल पहुंचाया गया।

एक महिला को मालवाहक आटो में बैठा कर अस्पताल पहुंचाया गया। थाना प्रभारी भिलाई तीन चंद्रशेखर परमा ने बताया कि उद्योग के भवन में झज्जे की ढलाई के दौरान घटना हुई है। घायलों का हॉस्पिटल में उपचार किया जा रहा है। हालात सुधरने के बाद बयान लिया जाएगा। अब तक पीडि़तों की ओर से कोई शिकायत नहीं किया है। इसके बाद भी मामले की विवेचना की जा रही है।

Published on: