भिलाई

दुर्ग में हर घंटे कोरोना से एक मरीज की मौत, जिले के अलग-अलग मुक्तिधामों में 88 शवों का एक दिन में अंतिम संस्कार

Coronavirus Death in Durg: दुर्ग शिवनाथ मुक्तिधाम में 26, रिसाली मुक्तिधाम में 24 और रामनगर मुक्तिधाम में करीब 38 संक्रमितों के शवों का अंतिम संस्कार किया गया।
2 min read
• •
Apr 18, 2021
दुर्ग में हर घंटे कोरोना से एक मरीज की मौत, जिले के अलग-अलग मुक्तिधामों में 88 शवों का एक दिन में अंतिम संस्कार
दुर्ग में हर घंटे कोरोना से एक मरीज की मौत, जिले के अलग-अलग मुक्तिधामों में 88 शवों का एक दिन में अंतिम संस्कार

भिलाई. दुर्ग जिले में लगाए लॉकडाउन (coronavirus in durg) से जहां प्रशासन संक्रमण की दर कम करने की कोशिशों में जुटा है वहीं शनिवार को कोरोना ने एक बार फिर अपना रौद्र रूप दिखाकर लोगों को दहशत में डाल दिया है। शनिवार को जिले में 24 लोग फिर कोरोना से जंग हार गए। 24 घंटे में 24 मरीजों की मौत के साथ ही 1887 नए संक्रमित मरीज मिले हैं। जिला प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार शनिवार को कुल 4532 लोगों की जांच की गई थी। वहीं 2990 लोग संक्रमण से मुक्त होकर अस्पताल से डिस्चार्ज किए गए हैं। इधर मुक्तिधाम में हो रही मौत से जिला प्रशासन के आंकड़े अलग है। शनिवार को दुर्ग शिवनाथ मुक्तिधाम में 26, रिसाली मुक्तिधाम में 24 और रामनगर मुक्तिधाम में करीब 38 संक्रमितों के शवों का अंतिम संस्कार किया गया। प्रशासन से जारी आंकड़ों के मुताबिक केवल 24 मौत की बात शनिवार को कही जा रही है।

मरच्यूरी में जगह पड़ रही कम
कोरोना से मौतें अब डराने लगी है। दुर्ग जिला अस्पताल दुर्ग के मरच्यूरी में शनिवार को भी शव फ्रीजर में जगह नहीं होने की वजह से कई शवों को जमीन पर इधर उधर रखना पड़ा। वहीं शव के लिए पर्ची मांगने चीफ मेडिकल हेल्थ ऑफिसर के दफ्तर के सामने भी दिनभर भीड़ जुटी रही। इस दौरान कई लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। अपनों की मौत के बाद उनके शवों के अंतिम संस्कार की वेटिंग लिस्ट से लोग बखौलाए नजर आए। वहीं स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन पर लापरवाही का भी आरोप लगाया।

अब तक लगे 374497 डोज
दुर्ग जिले में वैक्सीनेशन का काम भी तेजी से जारी है। अब तक 3,74,497 डोज लगाया जा चुका है। वैक्सीनेशन के लिए 45 साल से अधिक उम्र के लोग अभी भी लगातार आ रहे हैं। अब 20 साल से अधिक उम्र के युवाओं को भी जल्द वैक्सीन लगाने की जरूरत है। पिछले एक सप्ताह में प्रशासन के लाख दावों के बीच संक्रमण घटने के नाम नहीं ले रहा है। हर दिन डेढ़ हजार से ज्यादा नए संक्रमित मरीज मिल रहे हैं। वहीं कोरोना से मौतों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन ने एक बार फिर लॉकडाउन की अवधि को बढ़ाकर 26 अप्रैल कर दिया है। शनिवार को कलेक्टर ने लोगों से अपील करते हुए लॉकडाउन 3 में सहयोग करने की अपील की है।

दुर्ग जिले में संक्रमितों की संख्या
11 अप्रैल - 1651
12 अप्रैल - 1591
13 अप्रैल - 1755
14 अप्रैल - 1647
15 अप्रैल - 1778
16 अप्रैल - 1995
17 अप्रैल - 1887

Published on:
18 Apr 2021 10:35 am