Holi Safety Campaign: रिकेश सेन ने होली को शांतिपूर्ण बनाने के लिए “हुड़दंग मुक्त वैशाली नगर” अभियान की घोषणा की है।
Holi Safety Campaign: वैशाली नगर विधानसभा के विधायक रिकेश सेन ने होली पर्व को शांतिपूर्ण और अनुशासित तरीके से मनाने के लिए सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी है कि त्योहार की आड़ में हुड़दंग, अश्लीलता या कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
जनता के नाम जारी संदेश में विधायक ने कहा कि होली आपसी प्रेम और भाईचारे का पर्व है, लेकिन कुछ असामाजिक तत्व इस अवसर पर माहौल खराब करने की कोशिश करते हैं। इसे रोकने के लिए उन्होंने “हुड़दंग मुक्त वैशाली नगर” अभियान शुरू किया है और सूचना देने वालों के लिए ₹21,000 के इनाम की घोषणा की है।
विधायक ने लोगों से अपील की है कि यदि होली के दौरान निम्न घटनाएं नजर आएं तो तुरंत फोटो या वीडियो सबूत के साथ व्हाट्सएप पर भेजें—
एक बाइक पर तीन लोग सवार होकर बिना हेलमेट या अर्धनग्न अवस्था में उत्पात मचाना
हथियार लहराकर डराने-धमकाने की कोशिश
गाड़ियों में अश्लील हरकतें, सड़क पर मारपीट या बदसलूकी
उन्होंने स्पष्ट किया कि सही और प्रमाणित सूचना देने वाले व्यक्ति को 21 हजार रुपये की सम्मान राशि दी जाएगी।
विधायक ने कहा कि उनका उद्देश्य स्वयं त्योहार मनाना नहीं, बल्कि क्षेत्रवासियों की होली को सुरक्षित बनाना है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि होली के दिन वे खुद सक्रिय रहेंगे। यदि तत्काल पुलिस कार्रवाई नहीं हो पाती, तो प्राप्त वीडियो और फोटो के आधार पर अगले दिन आरोपियों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।
विधायक ने नागरिकों से आग्रह किया है कि वे महिलाओं और बच्चियों की सुरक्षा को प्राथमिकता दें और मर्यादा में रहकर त्योहार मनाएं। प्रशासन और पुलिस के निर्देशों का पालन करने पर भी जोर दिया गया है। उन्होंने सभी को अग्रिम होली की शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया कि इस बार वैशाली नगर में शांति और सौहार्द के साथ पर्व मनाया जाएगा।