
भिलाई. अब खुले में शौच करते पकड़े गए तो 250 रुपए जुर्माना चुकाना पड़ेगा। इसके बाद भी नहीं सुधरे तो रोज पांच रुपए अर्थदंड अलग से लगेगा। शासन की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि खुले मेंं शौच प्रथा को पूर्णत: बंद करना आवश्यक है। इसमें अब कोई मुरव्वत नहीं होगी। ऐसे लोगाों के खिलाफ अब लोक न्यूसेंस फैलाने के आरोप में सख्ती से कार्रवाई की जाएगी।
ओडीएप गांवों में भी खुले में टायलेट जारी
खुले में शौच मुक्त (ओडीएफ) घोषित होने के बाद भी गांव के कुछ लोग अभी भी फारिग होने घर से बाहर जा रहे हैं। छत्तीसगढ़ शासन पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के सचिव पीसी मिश्रा ने मंगलवार को इस आशय का आदेश जारी किया है। आदेश में कहा गया है कि खुले में शौच की प्रथा को पूर्णत: मुक्त करने के लिए स्वच्छ भारत मिशन के तहत निवास परिसरों में स्वच्छ शौचालय निर्मित कराकर उसका उपयोग करने निरंतर प्रयास किया जा रहा है।
ऐसे लोगों पर अब सख्ती से अकुंश लगाना जरूरी
शासन पंचायत क्षेत्र में सार्वजनिक स्वास्थ्य सुविधाएं और सुरक्षा पर खासतौर पर ध्यान दे रहा है मगर यह बात ध्यान मेंं आई है कि अभी भी कुछ लोग खुले में शौच कर रहे हैं। यहां तक कि पूर्णत: ओडीएफ घोषित गांव व क्षेत्र में लोग शौच के लिए बाहर जाने से बाज नहीं आ रहे हैं। ऐसे लोगों पर अब सख्ती से अकुंश लगाना जरूरी हो गया है।
हम नहीं सुधरेंगे
कुछ ओडीएफ गांवों में लोग अब भी खुले में शौच जा रहे हैं। ऐसे लोग हम नहीं सुधरेंगे की तर्ज पर अल सुबह एवं शाम को अंधेरा होने पर तालाब पार में शौच जाते हैं। हालाकि पंचायत स्तर पर भी खुले में शौच जाने वालों के खिलाफ कार्रवाई का प्रावधान है। इसके बाद भी लोग अपनी आदतों से बाज नहीं आ रहे हैं।
स्वच्छता, सफाई और न्यूसेंस अधिनियम के तहत कार्रवाई
गांव की सफाई में व्यवधान डालने वाले ऐसे लोगों के खिलाफ छग ग्राम पंचायत (स्वच्छता, सफाई और न्यूसेंस का निवारण तथा उपशमन) नियम 1999 के नियम ( 6) (12) एवं (17) में प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जाएगी।