
Indian Railway: दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के रायपुर मंडल द्वारा खुर्सीपार रेलवे फाटक की मिडिल लाइन पर आवश्यक मरम्मत कार्य कराया जा रहा है। इसके चलते रेलवे फाटक मंगलवार सुबह आठ बजे से 24 जुलाई तक बंद रहेगा। फाटक बंद होने से भिलाई इस्पात संयंत्र (बीएसपी) के कर्मचारियों, ठेका श्रमिकों, भारी वाहनों के साथ-साथ दुर्ग-रायपुर के बीच आने-जाने वाले हजारों लोगों को अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ेगी।
खुर्सीपार रेलवे फाटक बीएसपी के कर्मचारियों और ठेका श्रमिकों के लिए प्रमुख मार्ग है। प्रतिदिन अलग-अलग शिफ्ट में छह हजार से अधिक श्रमिक इसी रास्ते से संयंत्र पहुंचते हैं। फाटक बंद रहने के दौरान उन्हें पावर हाउस अंडरब्रिज होकर लंबा चक्कर लगाना पड़ेगा, जिससे समय और ईंधन दोनों की अतिरिक्त खपत होगी।
बीएसपी के अधिकांश ठेका श्रमिकों के गेट पास विशेष प्रवेश द्वार के लिए निर्धारित होते हैं। दूसरे गेट से प्रवेश की अनुमति नहीं होने के कारण फाटक बंद रहने पर उन्हें पावर हाउस अंडरब्रिज से घूमकर फिर खुर्सीपार गेट तक पहुंचना पड़ेगा। सामान्यत: करीब 100 मीटर का रास्ता तय करने वाले श्रमिकों को अब लगभग चार किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय करनी होगी
यह मार्ग केवल बीएसपी कर्मियों के लिए ही नहीं, बल्कि दुर्ग और रायपुर के बीच आवागमन करने वाले व्यापारियों और अन्य वाहन चालकों के लिए भी महत्वपूर्ण है। फॉरेस्ट एवेन्यू होते हुए फ्लाईओवर के जरिए राष्ट्रीय राजमार्ग तक पहुंचने वाले लोगों को अब वैकल्पिक मार्ग का सहारा लेना होगा, जिससे यातायात का दबाव भी बढऩे की संभावना है।
रेलवे प्रशासन ने लोगों से मरम्मत कार्य पूरा होने तक वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने और यात्रा के लिए अतिरिक्त समय लेकर निकलने की अपील की है। अधिकारियों का कहना है कि ट्रैक की सुरक्षा और रेल संचालन को सुचारु बनाए रखने के लिए यह मरम्मत कार्य आवश्यक है।
100 मीटर की जगह तय करनी होगी 4 किलोमीटर दूरी
सबसे ज्यादा परेशानी बीएसपी के ठेका श्रमिकों को होगी। अधिकांश श्रमिकों के गेट पास निर्धारित प्रवेश द्वार के लिए जारी किए गए हैं और दूसरे गेट से प्रवेश की अनुमति नहीं है। ऐसे में सामान्य दिनों में जहां उन्हें केवल करीब 100 मीटर की दूरी तय करनी पड़ती थी, वहीं अब फाटक बंद होने के कारण पावर हाउस अंडरब्रिज से घूमकर लगभग 4 किलोमीटर अतिरिक्त सफर करना पड़ेगा।