नगर निगम पोटिया में दो साल में सवा किमी निकासी नाली नहीं बना पाई। इससे आहत स्थानीय लोगों ने विधायक अरुण वोरा का घेराव कर शिकायत दर्ज कराई।
दुर्ग . नगर निगम पोटिया में दो साल में सवा किमी निकासी नाली नहीं बना पाई। इससे आहत स्थानीय लोगों ने विधायक अरुण वोरा का घेराव कर शिकायत दर्ज कराई। इस पर विधायक ने निगम की लेटलतीफी पर नाराजगी जताई और जल्द ही लोगों के साथ मिलकर आंदोलन की बात कही।
विधायक अरुण वोरा किसी पूजा कार्यक्रम में शामिल होने पोटिया पहुंचे थे। इस दौरान वार्ड के लोगों ने उन्हें घेर लिया और निगम की लापरवाही को लेकर शिकायतें दर्ज कराई। लोग विधायक से हस्तक्षेप कर काम शुरू कराने की मांग कर रहे थे। इस दौरान पार्षद अनूप चंदानिया ने बताया कि दो साल पहले से नाली निर्माण की स्वीकृति दी गई थी, लेकिन काम अब तक शुरू नहीं हो पाया है।
मोर जमीन-मोर मकान भी नहीं
लोगों ने मोर जमीन-मोर मकान योजन के तहत वार्ड में काम शुरू नहीं किए जाने की भी शिकायत दर्ज कराई। लोगों ने बताया कि निगम की लेटलतीफी से कई जरूरतमंद योजना के लाभ से वंचित है। लोगों ने मकान का काम जल्द शुरू कराने की मांग की।
समाधान में भी हो चुका है हंगामा
नाली निर्माण में देरी पर पोटिया के लोगों की नाराजगी समाधान शिविर भी फूट चुकी है। लोगों ने शिविर में नारेबाजी कर विरोध दर्ज कराई थी। नेता प्रतिपक्ष लिखन साहू, अनूप चंदनिया, भोज राम यादव, मधु साहू, नारद साहू, दयाराम साहू विधायक के साथ व्यवस्थाएं देखी।
सांस्कृतिक भवन भी नहीं बनीं
लोगों ने स्वीकृति के बाद भी सांस्कृतिक भवन नहीं बनाए जाने की भी शिकायत दर्ज कराई। पार्षद ने बताया कि दो साल पहले 50 लाख की लागत से सांस्कृतिक भवन बनाने की स्वीकृत दी गई थी, लेकिन इसका भी काम शुरू नहीं हो पाया है। उन्होंने भवन की जगह बदले जाने की भी आशंका जताई।
15 दिन में काम नहीं तो आंदोलन
वार्ड की व्यवस्था देखने के बाद विधायक ने लोगों को मामले में कमिश्नर से चर्चा करने व काम शुरू कराने का भरोसा दिलाया। विधायक ने कहा कि चर्चा के बाद भी 15 दिन के भीतर काम शुरू नहीं हुआ तो इसके खिलाफ आंदोलन किया जाएगा।