
भिलाई. हर माता-पिता का सपना होता है उसके बच्चे को अच्छी और सस्ती शिक्षा मिल जाए। ऐसे में ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों के लिए सबसे अच्छा स्कूल होता है नवोदय, जिसमें हर बच्चा पांचवी की पढ़ाई पूरी कर ६वीं से प्रवेश चाहता। लेकिन सही गाइडलाइन न मिलने से अधिकतर वंचित रह जाते हैं। लेकिन भिलाई से करीब 13 किलोमीटर दूर ग्राम ढौर में शासकीय प्राथमिक स्कूल के सहायक शिक्षक रिखीराम पारकर स्कूल की छुट्टी के बाद दो घंटे की स्पेशल क्लास लेकर प्रतिभा को निखारने में जुटे हुए हंै।
प्रवेश परीक्षा की करवाते हैं तैयारी
वे बच्चों को नवोदय विद्यालय में प्रवेश परीक्षा की तैयारी करवाते हैं। तीन साल से शिक्षक पारकर की मेहनत रंग ला रही है। हर साल 4-5 बच्चों का चयन नवोदय विद्यालय में हो रहा है। 17 साल फौज में देश सेवा कर रिटायर्ड हुए पारकर 2007 में टीचर बने। अब वे समाज सेवा का अपना फर्ज निभा रहे हैं।
उन्होंने स्कूल के अत्यंत गरीब परिवारों से आने वाले प्रतिभाशाली बच्चों को स्पेशल क्लास देना शुरू की। २०१४ में तीन बच्चों का चयन नवोदन विद्यालय में हुआ। इसके बाद साथी शिक्षकों ने हौसला बढ़ाया। नतीजा हर साल ४ से ५ बच्चे नवोदय चयन परीक्षा पास कर प्रवेश पा रहे हैं। चयन का क्रम बढ़ते ही जा रहा है।
छुट्टी के दिन भी लगती है दो घंटे की क्लास
शिक्षक ओमप्रकाश वर्मा ने बताया पारकर सर का बच्चों को पढ़़ाने का जज्बा ऐसा है कि रविवार हो या अन्य शासकीय छुट्टी 2 घंटे की अतिरिक्त कक्षा रोज लगती है। पारकर ने बताया इस कार्य में पत्नी रेखा पारकर हमेशा उन्हें प्रोत्साहित करती है। वे गरीब बच्चों को गाइड अपने खर्चे से उपलब्ध कराते है।
पारकर के सहयोगी शिक्षकों व प्राथमिक स्कूल प्रभारी दिलीप कुमार नायक ने बताया हम सर के इस अभियान में उन्हें पूरा सहयोग देते हैं। इस स्पेशल क्लास के लिए कुछ आवश्यक चीजों की दरकार है। वरिष्ठ अधिकारियों को अवगतकराया है। इस बार वे 23 बच्चों को परीक्षा की तैयारी करवा रहे हैं।
प्रवेश के लिए कैसे पढ़ाएं, नहीं था पता
शिक्षक पारकर ने बताया जब शिक्षा जगत में नौकरी ज्वाइन की तब गरीब परिवारों के टैलेंटेड बच्चों को देखकर लगता था, इन्हें थोड़ी सही दिशा मिले तो ये भी कुछ कर सकते हैं। ग्राम ढौर से सबसे पास बोरई का नवोदय विद्यालय है। यहां बच्चे आसानी से जा सकते हैं।
शिक्षक पारकर ने बताया उन्हें नवोदय विद्यालय में पूछे जाने वाले प्रश्न पत्र की जानकारी नहीं थी। पहले गाइड से खुद तैयारी की। किस तरह के प्रश्न आते हैं। उन्हें कैसे मिनटों में हल किया जा सकता है। फिर बच्चों को नवोदय के लिए पढ़ाना शुरू किया।