
भिलाई. प्रदेश की महिला एवं बाल विकास मंत्री रमशीला साहू की कार पर पथराव हो गया। वे अपने विधानसभा क्षेत्र के कोनारी गांव में मड़ई मेला के दौरान खेल प्रतियोगिता में पहुंची थीं। कार पर अचानक पत्थर फेंके जाने से मंत्री और उनके स्टाफ सकते में आ गए। तत्काल पुलिस को पथराव की सूचना दी गई। इसके बाद मौके पर अतिरिक्त पुलिस बल भेजा गया। गनीमत रही कि इस घटना में मंत्री को कोई चोट नहीं आई, लेकिन उन्होंने बाद के कार्यक्रम निरस्त कर दिए और वापस अपने आवास पहुंच गईं।
मंत्री ने कार्यक्रम में शिरकत की
केबिनेट मंत्री रमशीला साहू रविवार को रात 8.30 बजे पुलगांव थाना क्षेत्र के कोनारी गांव जा रही थीं। यहां मड़ई मेला में मंत्री को आमंत्रित किया गया था। उनका काफिला पहुंचा ही था कि कार पर पत्थर आकर लगा। कार का कांच टूट गया। कार को वहां रोकने की बजाय सीधे कार्यक्रम स्थल पहुंचे। मंत्री ने कार्यक्रम में शिरकत की। इस बीच पुलगांव थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई।
पत्थर किसने और क्यों फेंका
कोनारी गांव मंत्री के विधानसभा क्षेत्र में ही है। एेसे में पुलिस पता लगा रही है कि पत्थर किसने और क्यों फेंका। इस मामले में पुलिस खुलकर कुछ भी नहीं बोल रही है। हालांकि इस बात की पुष्टि जरूर की कि उसे मंत्री की कार पर पथराव की सूचना मिली है। मंत्री के निज सहायक ने पुलिस को सूचना दी थी। मंत्री के स्टाफ ने सिर्फ इतना ही बोला कि हो सकता है किसी बच्चे ने पत्थर फेंका है।
इस मामले में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शशिमोहन सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। मैं स्वयं वहां पहुंचा। मंत्री के वाहन पर पथराव की सूचना थी, लेकिन एेसा नहीं था। किसी असामाजिक तत्व ने मंत्री के वाहन पर पत्थर फेंक दिया था। पड़ताल की जा रही है।