
Maitri Bagh Zoo: भिलाई स्टील प्लांट (बीएसपी) के प्रतिष्ठित मैत्रीबाग चिडिय़ाघर में बेजुबान वन्य प्राणियों के आहार में गंभीर खेल चल रहा है। प्रबंधन जिन वन्य जीवों के पौष्टिक आहार और देखरेख के नाम पर हर महीने लाखों रुपये का बजट जारी कर रहा है, उन्हें थाली में पौष्टिक हरी घास व बरसीम की जगह जंगलों से काटी गई शिव बबूल की टहनियां और झाडिय़ां परोसी जा रही हैं। वजन का कोटा पूरा करने के चक्कर में ठेका एजेंसी बेजुबानों की सेहत के साथ खुला खिलवाड़ कर रही है और जिम्मेदार अधिकारी आंखें मूंदे बैठे हैं।
शुरुआती दौर में आपूर्ति का जिम्मा लेने वाली एजेंसी मैत्रीबाग परिसर की खाली जमीन पर ही गुणवत्तापूर्ण हरी घास व बरसीम का उत्पादन कर आपूर्ति करती थी। बाद में उत्पादन बंद कर बाहर से चारा लाना शुरू कर दिया गया। जब शहर और ग्रामीण अंचलों में पर्याप्त हरियाली उपलब्ध है, तब मैत्रीबाग में सूखी व बबूल की टहनियां पहुंचना सीधे तौर पर मिलीभगत की ओर इशारा करता है।
मैत्रीबाग में हिरण, चीतल, सांभर और नीलगाय समेत करीब 160 शाकाहारी वन्य जीव मौजूद हैं। नियमों के मुताबिक इन्हें रोजाना करीब 15 क्विंटल हरा चारा (नेचुरल ग्रास, बरसीम, पैरा ग्रास, चेरी ग्रास) देना अनिवार्य है। इस मद में प्रतिदिन औसतन छह हजार रुपएखर्च किए जाते हैं। पड़ताल में सामने आया कि ठेकेदार बाड़े में पौष्टिक बरसीम व हरी घास की जगह बबूल व अन्य पेड़ों की भारी टहनियों की खेप उतार रहा है। कांटेदार और कठोर डालियों का वजन तो आसानी से 15 क्विंटल चढ़ जाता है, लेकिन यह चारा वन्य जीवों के पेट भरने और पोषण के किसी काम का नहीं रहता।