
भिलाई/दुर्ग. अंतरराष्ट्रीय श्रमिक दिवस पर एक मई को ट्विनसिटी के मजदूर संगठनों ने रैली निकाली। इस दौरान श्रमिक संगठनों ने श्रम नीतियों का पालन करने, मजदूरों को सरकार द्वारा निर्धारित न्यूनतम मजदूरी सहित श्रमिकों के हक में आवाज बुलंद की। वहीं बीएसपी की मान्यता प्राप्त यूनियंस ने मजदूर दिवस पर श्रमिकों का सम्मान कर मई दिवस मनाया।
मजदूरों के साथ जमीन पर बैठकर भोजन किया
भिलाई नगर पालिक निगम की ओर से रिसाली जोन में मई सफाई कर्मचारियों एवं स्वच्छता मिशन से जुड़े 30 कर्मियों का सम्मान किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि एवं केबिनेट मंत्री रमशीला साहू ने सभी को सम्मानित किया। कार्यक्रम में विधायक विद्यारतन भसीन, सभापति श्याम सुंदर राव सहित प्रशासनिक अधिकारी मौजूद थे। इस मौके पर निगम की ओर से सभी के लिए भोज भी रखा गया था। मजदूरों के सम्मान में मंत्रियों और आधिकारियों ने भी मजदूरों के साथ जमीन पर बैठकर भोजन किया।
बीएसपी में स्वच्छता पखवाड़ा शुरू
मई दिवस के मौके पर मंगलवार को शहर में विभिन्न कार्यक्रम हुए। बीएसपी प्रबंधन ने इस मौके पर स्वच्छता पखवाड़ा शुरू किया। वहीं मजदूर संगठनों ने झंडा रोहण के बाद उत्सव मनाया। शहर में अलग-अलग संगठनों ने श्रमिकों का सम्मान भी किया। सिविक सेंटर में श्रमिकों ने मशाल रैली भी निकाली। सीटू ने मई दिवस पर सेक्टर-4 स्थित कार्यालय व बोरिया में झंडा फहराया।
निकाली मशाल रैली
सीटू ने शाम को 5.30 बजे सिविक सेंटर के बेरोजगार चौक से मशाल रैली निकाली। जिसमें बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। जुलूस ग्लोब चौक होते हुए, सेक्टर-6 कोतवाली के सामने से वापस सेक्टर-5, 7 मिलेनियम चौक होते हुए वापस बेरोजगार चौक पर आकर समाप्त हुआ। इस रैली में बीएसपी कर्मचारी हाथों में मशाल व तख्तियां लिए हुए थे। अपने अधिकार के लिए नारा लगाते हुए श्रमिक सड़क पर आगे बढ़े।
एचएमएस यूनियन कार्यालय मे भी सम्मान कार्यक्रम
श्रमिक दिवस पर एचएमएस यूनियन कार्यालय, सेक्टर 2 में गोविंद पाल व कृष्ण कुमार पाटिल का सम्मान किया गया। एचएमएस के एचएस मिश्रा व प्रेम सिंह चंदेल ने शॉल, श्रीफल से उनका सम्मान किया। महासचिव प्रमोद कुमार मिश्रा ने बताया कि गोविंद पाल बीएसपी में कार्यरत हैं, वे हास्य व्यंग के एक अच्छे कवि भी हैं। साहित्य क्षत्र में योगदान के लिए उन्हें शासन से कई पुरस्कार मिले हैं। हाल ही में बांग्लादेश के सूचना व प्रसारण मंत्री ने सम्मानित किया था। कृष्ण कुमार पाटिल भी मशीन शॉप, बीएसपी में कार्यरत हैंं।
संरक्षण में हो रहा मजदूरों का शोषण
मजदूर दिवस पर जोगी कांग्रेस के जिलाध्यक्ष जहीर खान ने कहा कि मजदूरों का शोषण राज्य सरकार के संरक्षण में हो रहा है। राज्य सरकार जब न्यूनतम मजदूरी तय करती है, तो प्लांट में मजदूरों को उतना वेतन ठेकेदार दे रहे हैं या नहीं दे रहे हैं, इस पर नजर कौन रखेगा। सिर्फ कागजों में न्यूनतम वेतन बेहतर दिखा देने से नहीं चलेगा। ठेका श्रमिकों के खाता तक वह राशि पहुंच, तब काम सही होता है। बीएसपी में श्रमिकों के हाथ में न्यूनतम वेतन नहीं पहुंच रहा है।