भिलाई

नागरिकों ने पूछा: महापौर जी सिर्फ चौपाल लगाते रहेंगे या शराब दुकान भी हटवाएंगे

महापौर देवेन्द्र यादव ने भिलाई के गोठ कार्यक्रम के तहत शुक्रवार को नगर निगम के वार्ड-६ शीतला मंदिर परिसर सुपेला में चौपाल लगाई।

2 min read
Dec 22, 2017
Bhilai corporation, Bhilai municipal corporation, Bhilai Mayor, Mayor Devendra Yadav

भिलाई. महापौर देवेन्द्र यादव ने भिलाई के गोठ कार्यक्रम के तहत शुक्रवार को नगर निगम के वार्ड-६ शीतला मंदिर परिसर सुपेला में चौपाल लगाई। यहां लगी चौपाल में इंदिरा नगर के लोगों ने शराब दुकान को सुपेला घड़ी चौक से डॉ.राजेन्द्र प्रसाद चौक पहुंच रोड के किनारे से हटाने की मांग की। सुबह १० बजे से देर शाम तक दुकान के सामने लगने वाली भीड़ और सड़क पर बेतरतीब खड़े होने वाले वाहनों की वजह से मोहल्ले के लोगों को आवाजाही में परेशानी होने की बात कही। महापौर ने कलक्टर और जिला आबकारी अधिकारी से चर्चा कर दुकान को आवासीय क्षेत्र से हटाने का आश्वासन दिया है।

आदर्शपारा पहुंंची टीम
पावर पंप की क्षमता बढ़ाने की मांग पर नेहरू नगर जोन-एक की टीम ने आदर्श पारा का सर्वे किया। नलकूप में पर्याप्त पानी होने पर दो एचपी के मोटर पंप को निकालकर पांच एचपी के समर्सिबल पंप लगाने का निर्णय लिया गया। महिलाओं का कहना था कि पानी सप्लाई के लिए मोहल्ले में पाइप लाइन बिछाई गई है, लेकिन मोटर पंप की क्षमता कम होने की वजह से आसपास के २०-२५ घरों तक पानी पहुंचता है। प्रेशर कम होने की वजह से चढ़ाव क्षेत्र वाले घरों के नलों में पानी नहीं हवा निकलती है। चर्चा के सुपेला ब्लॉक अध्यक्ष केशव चौबे, चंद्रशेखर गवई, राधेकांत मिश्रा, सोनू मिश्रा, हबीब खान, मधु साहनी, अभिजीत मिश्रा, अनुसुईया देवी सहित अन्य शामिल थे।

अतिक्रमण मामले का एक-दो दिन के भीतर निराकरण के निर्देश
वार्ड-६ सुपेला बाजार के लोगों ने महापौर को आवासीय क्षेत्र में संचालित खटाल को बंद कराने, शीताला तालाब का सौंदर्यीकरण, सड़क नाली पर बनाई गई चबूतरे को हटाने, आधार कार्ड, राशन कार्ड, पीएम आवास, सामुदायिक भवन निर्माण, असंगठित कर्मकार योजना के तहत मजदूर कार्ड, साइकिल, सिलाई मशीन के लिए आवेदन दिए। महापौर ने नेहरू नगर जोन कमिश्नर संजय बागड़े को आवेदनों को शार्ट आउट कर अतिक्रमण के मामले का एक-दो दिन के भीतर निराकरण के निर्देश दिए। स्वच्छता निरीक्षक धर्मेन्द्र मिश्रा को सफाई से संबंधित शिकायतों को शाम तक निराकरण करने कहा।

Published on:
22 Dec 2017 01:19 pm