भिलाई

Video: खूनी खेल, डर के मारे बाप ने स्टेशन में गुजारी रात, सुबह पुलिस को बताया बेटे ने की है दोस्त की हत्या

युवक ने धारदार हथियार (कारपेंट्री का औजार पटासी) से अपने दोस्त के गले पर ताबड़तोड 12 वार कर हत्या कर दी। इतना ही नहीं घटना को छुपाने शव को एक पेटी में भरकर नाले में फेंक आया।
3 min read
• •
Updated: 7 Aug 2018, 11:35 AM IST
patrika
खूनी खेल, डर के मारे बाप ने स्टेशन में गुजारी रात, सुबह पुलिस को बताया बेटे ने की है दोस्त की हत्या

भिलाई. फे्रंडशिप डे के दिन ही दोस्ती को कलंकित करने वाली सनसनी खेज घटना सामने आई है। यहां खुर्सीपार के राजेंद्र नगर में एक युवक अपने पड़ोसी दोस्त को शराब पीने घर ले गया। दोस्तों ने छककर शराब पी। इसके बाद युवक ने धारदार हथियार (कारपेंट्री का औजार पटासी) से अपने दोस्त के गले पर ताबड़तोड 12 वार कर हत्या कर दी। इतना ही नहीं घटना को छुपाने शव को एक पेटी में भरकर नाले में फेंक आया।

दोनों ने जमकर पिया शराब
पुलिस ने बताया कि राजेंद्र नगर, खुर्सीपार निवासी चंद्र कुमार शर्मा रविवार की रात दोस्त ट्रेलर चालक विक्की से मिला। दोनों लगभग 25-25 साल के हैं। दोनों शराब पीने चले गए। रात में करीब १० बजे लौटे। एक बोतल और साथ ले आया था। दोनों ने फिर चंद्र की छत पर शराब पी। रात २ बजे अचानक चिल्लाने की आवाज सुनकर पिता राजबली शर्मा ने उठकर देखा तो छत से नीचे उतर रहा चंद्र के कपड़ा खून से सने थे। उससे पूछा तो कहा कि विक्की आपको जान से मारना चाहता था इसलिए मैंने उसे पहले ही मार दिया।

शव को मोड़कर पेटी में भर दिया
वारदात के बाद चंद्र घर से एक पेटी निकाला। मृतक विक्की पतला-दुबला था इसलिए उसके शव को मोड़कर पेटी में भरा और पास ही तेलहा नाला में फेंक आया। चंद्र को हिरासत में लेने के बाद उसके बताए जगह पर जब पुलिस ने पेटी की नाले में तलाश की तो पहली बार में नहीं मिली। पुलिस को लगा कि हत्यारा गुमराह कर रहा है। सख्ती के बाद भी अपनी बात दोहराता रहा तो पुलिस फिर दूर तक तलाश शुरू की। फोरलेन पर पुल के नीचे पाइप लाइन पर पेटी अटकी हुई थी।

अपने बेटे के सिर पर खून सवार देख पिता राजबली घर से निकल गया। वह सीधे पॉवर हाउस रेलवे स्टेशन पहुंचा। सुबह होने का इंतजार करता रहा। करीब 6 बजे अपने वार्ड के पार्षद को फोन पर घटना की जानकारी दी। पार्षद ने उसे पुलिस को सूचना देने कहा। इसके बाद राजबली खुर्सीपार थाने पहुंचा और हत्यारे बेटे की करतूत की जानकारी दी।

चंद्र की नजर पिता की संपत्ति पर
पुलिस तत्काल मोहल्ले में पहुंची और चंद्र को पकड़ लिया। राजबली ने पुलिस को बताया कि चंद्र की नजर उसकी संपत्ति पर है, कहीं उसे भी न मार दे इसलिए वह तुरंत घर से भाग निकला। चंद्र की आदतों से तंग आकर उसकी पत्नी छोड़कर चली गई है। मां का निधन हो चुका है। बड़ा भाई चंदर राजस्थान में मजदूरी करता है। पिता के साथ यहां रहता है।

चमड़े में लटका था सिर
फोरेंसिक एक्सपर्ट अनुपमा मेश्राम ने बताया कि पटासी से विक्की के गले में वार किया। गले की नलिका कट चुकी थी। चमड़े में ही उसका सिर लटका हुआ था। दुबला था, इस वजह से आसानी से पेटी में समा गया था। एसएसपी डॉ. संजीव शुक्ला ने बताया कि हत्यारा हत्या की वजह विक्की द्वारा उसके पिता की हत्या करने की बात कह रहा है। मामले में विवेचना की जा रही है।

हत्या की वजह कुछ और
हत्यारे ने अपने पिता और बाद में पुलिस को भी बताया कि विक्की उसके पिता को मारना चाहता था इसलिए उसने पहले ही हत्या कर दी। पुलिस को इस पर बिलकुल विश्वास नहीं है। पुलिस का कहना है कि हत्यारे की आदत से खुद उसका पिता परेशान है।

और भी आरोपी की आशंका
हत्या के बाद चंद्र ने छोटी सी पेटी में मोड़कर शव डाला। इसके बाद पेटी को उठाकर सीढिय़ों से नीचे लाया। साइकिल पर पेटी रखकर वह घर से करीब ३०० मीटर दूर स्थित तेल्हा नाला में फेंक आया। यह बात पुलिस को हजम नहीं हो रही है। नाला में करीब तीन फीट पानी भरा हुआ है। आशंका है चंद्र के साथ और साथी भी रहे होंगे।

Published on: