
Seva Setu Rashan Card: राशनकार्ड बनवाने और उसमें संशोधन कराने के लिए अब लोगों को सरकारी दफ्तरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। राज्य शासन ने सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत राशनकार्ड संबंधी सभी सेवाओं को सेवा सेतु पोर्टल पर ऑनलाइन कर दिया है। अब नया राशनकार्ड बनवाने, परिवार के सदस्य का नाम जोडऩे या हटाने सहित सभी प्रक्रियाएं डिजिटल माध्यम से पूरी होंगी। यह व्यवस्था अंत्योदय, प्राथमिकता, एकल निराश्रित, निशक्तजन और सामान्य श्रेणी के सभी राशनकार्डों पर लागू होगी।
आवेदक अपने नजदीकी लोक सेवा (चॉइस) केंद्र, नगर निगम, नगर पालिका या जनपद पंचायत कार्यालय के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। इसके अलावा मोबाइल या कंप्यूटर से सेवा सेतु पोर्टल पर लॉगिन कर स्वयं भी ऑनलाइन आवेदन करने की सुविधा उपलब्ध रहेगी।
लोक सेवा केंद्र के माध्यम से आवेदन करने पर 30 रुपए का निर्धारित शुल्क देना होगा। आवेदन और आवश्यक दस्तावेज अपलोड होते ही आवेदक के मोबाइल पर आवेदन क्रमांक जारी होगा, जिसके जरिए वह अपने आवेदन की स्थिति ऑनलाइन देख सकेगा।
नए राशनकार्ड पर खाद्यान्न का लाभ तभी मिलेगा, जब परिवार के सभी सदस्यों की ई-केवाईसी पूरी होगी। इसके लिए उचित मूल्य दुकान में ई-पॉस मशीन अथवा फेस ई-केवाईसी ऐप के माध्यम से बायोमेट्रिक सत्यापन कराना अनिवार्य होगा। बिना ई-केवाईसी के राशन का वितरण नहीं किया जाएगा।
ऑनलाइन आवेदन के बाद अधिकृत अधिकारी दस्तावेजों का सत्यापन करेंगे। पात्रता की जांच पूरी होने पर डिजिटल हस्ताक्षर के साथ राशनकार्ड स्वीकृत किया जाएगा। इसके बाद हितग्राही लोक सेवा केंद्र या संबंधित कार्यालय से राशनकार्ड प्राप्त कर सकेंगे। चाहें तो सेवा सेतु पोर्टल से स्वयं भी पीडीएफ डाउनलोड कर प्रिंट निकाल सकते हैं।
नई ऑनलाइन व्यवस्था लागू होने से अब नागरिकों को छोटे-छोटे कामों के लिए बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। आवेदन प्रक्रिया पारदर्शी होगी, समय की बचत होगी और ऑनलाइन ट्रैकिंग की सुविधा मिलने से लोगों को अपने आवेदन की जानकारी भी आसानी से मिल सकेगी। राज्य सरकार का मानना है कि सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से राशन कार्ड सेवाओं का डिजिटलीकरण सार्वजनिक वितरण प्रणाली को अधिक पारदर्शी, सरल और प्रभावी बनाएगा। इससे पात्र हितग्राहियों को समय पर राशन कार्ड और खाद्यान्न का लाभ सुनिश्चित किया जा सकेगा।