भिलाई

5 एकड़ 62 डिसमिल में 7.88 करोड़ की अफीम की खेती, स्क्वायर फीट के आधार पर की पौधों की गिनती, BJP नेता समेत 3​ गिरफ्तार

Opium Farming in CG: समोदा गांव में अवैध रूप से की जा रही अफीम की खेती का पुलिस ने भंडाफोड़ करते हुए पूर्व बीजेपी नेता समेत 3 को गिरफ्तार किया है..

3 min read
Mar 08, 2026
बीजेपी नेता के खेत में करोड़ों रुपए की अफीम की खेती ( Photo - Patrika )

Opium Farming in CG: दुर्ग जिला मुख्यालय से करीब 17 किलोमीटर दूर समोदा गांव में अवैध रूप से की जा रही अफीम की खेती का पुलिस ने भंडाफोड़ करते हुए भाजपा किसान मोर्चा के पूर्व जिला अध्यक्ष विनायक ताम्रकार समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अन्य आरोपियों में राजस्थान निवासी विकास विश्नोई और खेत की देखरेख करने वाला मनीष ठाकुर उर्फ गोलू शामिल हैं। मामले में फरार आरोपी अचलाराम जाट की तलाश में पुलिस टीम जोधपुर (राजस्थान) रवाना हो गई है। जानकारी के अनुसार राजस्थान से मजदूर बुलाकर खेती कराई जा रही थी।

Opium Farming in CG: स्क्वायर फीट के आधार पर पौधों की गिनती

पुलगांव थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले का खुलासा किया था। शनिवार सुबह करीब नौ बजे एनसीबी की टीम भी मौके पर पहुंची। टीम ने स्क्वायर फीट के आधार पर पौधों की गिनती कर एक एकड़ में पौधों की संख्या का अनुमान लगाया। एक पौधे की कीमत लगभग 15 हजार रुपए के हिसाब से पूरी फसल का मूल्यांकन किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत करीब सात करोड़ 88 लाख रुपए आंकी गई। यह पूरी प्रक्रिया न्यायिक मजिस्ट्रेट की उपस्थिति में की गई। बताया गया कि करीब पांच एकड़ 62 डिसमिल जमीन में मकई की फसल के बीच अफीम की मिश्रित खेती की गई थी, ताकि किसी को इसकी भनक न लग सके।

दो बहनों के नाम पर दर्ज है खेत, जांच में जुटी पुलिस

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मणिशंकर चंद्रा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि जिस खेत में अफीम की खेती की गई, वह ग्राम झेंझरी निवासी सीताराम ताम्रकार का था। उन्होंने यह जमीन अपनी बेटियों मधुमति ताम्रकार और प्रीतिबाला ताम्रकार के नाम दर्ज कराई थी।

दोनों सगी बहनों ने खेत को रेग (बटाई) में बोने के लिए विनायक ताम्रकार को देने की बात कही है। हालांकि विनायक ताम्रकार ने खेत रेग में लेने से इनकार करते हुए कहा कि संबंधित जमीन उसके खेत से लगी हुई है और वहां बोनी का काम राजस्थान से आए विशाल विश्नोई और अचलाराम जाट ने किया है, जो यहां कपास की खेती के लिए आए हुए हैं।

कई पौधों से निकाला जा चुका था अफीम का दूध

जांच के दौरान यह भी सामने आया कि अफीम के कई पौधों से पहले ही दूध निकाला जा चुका था। अफीम के फलनुमा गोले में ब्लेड से चीरा लगाकर उससे निकलने वाले दूध को एकत्र किया गया था। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार पास के किसी मकान में इसे प्रोसेस भी किया गया और कंटेनर के माध्यम से इसका परिवहन किया गया। स्थानीय लोगों के अनुसार आसपास संदिग्ध वाहनों की आवाजाही भी देखी गई थी। साथ ही यह भी चर्चा है कि राजस्थान से आए लोगों ने आसपास के तीन-चार स्थानों पर खेती की है। पुलिस अब क्षेत्र में लगी कपास की फसलों की भी जांच कर रही है।

अफीम खेती मामले में सियासत तेज

मामले को लेकर राजनीतिक माहौल भी गरमा गया है। कांग्रेस इस मुद्दे को लेकर आक्रामक हो गई है। शनिवार सुबह 11.35 बजे पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल समोदा पहुंचे, जबकि शाम करीब 5.30 बजे जोगी कांग्रेस के नेता अमित जोगी भी मौके पर पहुंचे और भाजपा सरकार को घेरा।

भूपेश बघेल ने कहा कि यह सिर्फ एक व्यक्ति का मामला नहीं, बल्कि भाजपा की नीतियों पर सवाल खड़े करता है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा मंचों पर नैतिकता की बात करती है, लेकिन उनके ही नेताओं के खेतों से अफीम की फसल निकल रही है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि देश ने पहले उड़ता पंजाब" देखा था, अब क्या भाजपा के संरक्षण में छत्तीसगढ़ को उसी राह पर ले जाने की तैयारी है।

दुर्ग कलेक्टर अभिजीत सिंह ने कहा कि ग्राम समोदा में 5 एकड़ 62 डिसमिल क्षेत्र में अफीम की खेती पाई गई है। तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ कार्रवाई की गई है। आसपास लगी कपास की फसलों का भी सर्वे कराया जाएगा। साथ ही इतने बड़े पैमाने पर खेती कैसे हो रही थी और कहां चूक हुई, इसकी भी जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

चार साल से खेती होने की चर्चा

ग्रामीणों के अनुसार समोदा क्षेत्र में पिछले करीब चार वर्षों से अफीम की खेती किए जाने की चर्चा है। हालांकि इस संबंध में प्रशासनिक स्तर पर अभी जांच जारी है।
पुलिस पूरे मामले की पड़ताल कर रही है।

प्रोसेसिंग, अन्य फसलों की होगी जांच

कलेक्टर ने बताया कि जिले में जहां-जहां कपास की खेती की जा रही है और जहां राजस्थान व मध्यप्रदेश से आकर लोग खेती कर रहे हैं, वहां भी जांच कराई जाएगी। साथ ही समोदा मामले में अफीम की प्रोसेसिंग कहां की जा रही थी, इसकी भी पड़ताल की जाएगी।

Updated on:
08 Mar 2026 02:33 pm
Published on:
08 Mar 2026 02:27 pm
Also Read
View All

अगली खबर