सांसद ताम्रध्वज साहू के सम्मान के बहाने पीसीसी अध्यक्ष भूपेश बघेल ने यहां संभाग के आला नेताओं को गुटबाजी से बचने की नसीहत दी।
दुर्ग . कांग्रेस के पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद शहर लौटे सांसद ताम्रध्वज साहू के सम्मान के बहाने पीसीसी अध्यक्ष भूपेश बघेल ने यहां संभाग के आला नेताओं को गुटबाजी से बचने की नसीहत दी। कांग्रेस भवन में सांसद साहू के सम्मान में ग्रामीण व शहर जिला कांग्रेस कमेटी ने समारोह का आयोजन किया था। इस अवसर पर बघेल ने नेताओं को गुटबाजी से बचने की नसीहत देते हुए कहा कि चुनाव तक पद, प्रतिष्ठा और किसे कुर्सी मिलेगी यह भूलकर एक लक्ष्य जीत के लिए काम करें। प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनी तो न सिर्फ सत्ता और शासन में शामिल लोगों को बल्कि हर कार्यकर्ता को सम्मान मिलेगा।
सम्मान समारोह के साथ सत्ता परिवर्तन के उद्देश्य से प्रस्तावित संकल्प यात्रा
सम्मान समारोह के साथ सत्ता परिवर्तन के उद्देश्य से प्रदेशभर में प्रस्तावित संकल्प यात्रा के लिए संभाग स्तरीय पदाधिकारियों की बैठक भी बुलाई गई थी। यात्रा प्रभारी राजेश तिवारी भी इसमें शामिल हुए। पीसीसी अध्यक्ष ने बैठक में बूथ से लेकर इकाई और जिला तक चलाए जाने वाले संकल्प यात्रा के संबंध में भी जानकारी दी। बैठक में सांसद ताम्रध्वज साहू, विधायक अरुण वोरा, अनिला भेडिय़ा, भोलाराम साहू, तेजकुंअर नेताम, गिरिवर जंघेल, पूर्व विधायक धनेश पाटिला, भजन सिंह निरंकारी, बदरूद्दीन कुरैशी, शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष आरएन वर्मा, जिला ग्रामीण अध्यक्ष तुलसी साहू सहित बोलाद, बेमेतरा, कवर्धा व राजनांदगांव के पदाधिकारी मौजूद थे।
दिल्ली में बढ़ा जिले का मान
सांसद साहू की नई जिम्मेदारी पर पीसीसी अध्यक्ष बघेल ने कहा कि इससे दिल्ली में जिले का मान बढ़ा है। अभा कांग्रेस कमेटी के कोषाध्यक्ष मोतीलाल वोरा पहले से ही दिल्ली में मोर्चा संभाल रहे थे, अब साहू भी हाथ बटाएंगे। इससे जिले व प्रदेश के संगठन को मजबूती मिलेगा।
सत्ता परिवर्तन के लिए करेंगे पदयात्रा
बैठक में पीसीसी अध्यक्ष ने बताया कि 15 अप्रैल से संभाग में सत्ता परिवर्तन के संकल्प के साथ आला नेता पदयात्रा करेंगे। इससे निचले स्तर के कार्यकर्ता चार्ज होंगे। उन्होंने बताया कि 30 अप्रैल को दुर्ग में पदयात्रा की जाएगी। इस दौरान कार्यकर्ता गली मोहल्लों में जाकर सरकार की नाकामी जनता तक पहुंचाएंगे।
हिंसा के विरोध में आज करेंगे उपवास
अजा-जजा कानून में संशोधन को लेकर आंदोलन के दौरान कथित हिंसा के विरोध में कांग्रेसी ९ अप्रैल को उपवास करेंगे। जिला कांग्रेस अध्यक्ष तुलसी साहू ने कहा कि सरकार ने हिंसा को रोकने का प्रयास नहीं किया। इससे देश की सामाजिक समरसता पर चोट पहुंची है। इसके विरोध में जिले के कांग्रेसी सुबह 11 बजे से गांधी प्रतिमा के सामने उपवास करेंगे।