भिलाई

Bhilai News: पीएम आवास योजना में 57 लाख का गबन,फर्जी खातों से निकाली रकम, 23 परिवारों के सिर से छत छिनी

Bhilai News: भिलाई-चरोदा में पीएम आवास योजना के 57 लाख रुपए के कथित गबन का खुलासा हुआ है। फर्जी खातों से 23 हितग्राहियों की राशि निकालने के आरोप हैं, जिससे गरीब परिवारों के सिर से छत छिन गई।
2 min read
• •
Updated: 24 Nov 2026, 2:28 PM IST
Bhilai Pm Awas Yojana
पीएम आवास योजना में गबन (photo Patrika)

Bhilai Pm Awas Yojana: गरीबों को पक्की छत मुहैया कराने वाली प्रधानमंत्री आवास योजना में बड़े फर्जीवाड़े का खुलासा हुआ है। नगर निगम भिलाई-चरोदा क्षेत्र के सिरसाकला सहित अन्य इलाकों में 'मोर जमीन-मोर मकान' योजना के तहत 23 गरीब हितग्राहियों के नाम पर करीब 57 लाख रुपए की हेराफेरी की गई है। आरोप है कि सुपेला स्थित एक फाइनेंस बैंक में इन हितग्राहियों के नाम पर खाते खुलवाकर सरकारी राशि निकाल ली गई, जबकि असल पात्रों को इसकी भनक तक नहीं लगी। भाजपा नेताओं की शिकायत पर शासन स्तर से हुई जांच की रिपोर्ट सामने आने के बाद निगम प्रशासन में हडक़ंप मच गया है।

खातों का संचालन किसने किया और राशि किसकी जेब में गई?

योजना के तहत प्रत्येक पात्र को करीब 2.50 लाख रुपए की सहायता मिलनी थी। जांच रिपोर्ट में हितग्राही संताराम यादव का मामला प्रमुखता से दर्ज है, जिनके नाम पर सुपेला के बैंक खाते में दिसंबर 2021 से मार्च 2022 के बीच चार किस्तों में कुल 2,28,750 रुपए (क्रमश: 57,187, 80,062, 53,625 और 37,876 रुपए) जमा हुए और निकाल लिए गए। अब सवाल यह है कि इन खातों का संचालन किसने किया और राशि किसकी जेब में गई?

जियो टैगिंग में फर्जीवाड़ा दस्तावेज भी गायब

जांच में सामने आया है कि कई प्रकरणों में स्वीकृति किसी और के नाम पर हुई और निर्माण किसी अन्य व्यक्ति के नाम पर दर्ज मिला। कई मामलों में भूमि स्वामित्व के दस्तावेज गायब हैं, तो कहीं जियो टैगिंग और मौके की वास्तविक स्थिति में भारी अंतर पाया गया है। अब तक यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि 57 लाख रुपए की यह राशि किन लोगों तक पहुंची।

कच्चा घर तोड़ा अब कर्ज के बोझ तले दबे पीडि़त

पक्के मकान की उम्मीद में कई गरीब परिवारों ने अपने पुराने कच्चे मकान तोड़ दिए थे। राशि नहीं मिलने से उनके सामने छत का संकट खड़ा हो गया और सिर छिपाने के लिए उन्हें कर्ज लेना पड़ा। विधायक प्रतिनिधि सतीश साहू ने कहा कि जांच प्रतिवेदन आ चुका है और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

वर्जन

23 मामलों में शिकायत मिली थी, जिसकी जांच पूरी कर प्रतिवेदन कलेक्टर को भेज दिया गया है। प्रकरणों में गंभीर खामियां पाई गई हैं।

  • सुदेश सुंदरानी, आयुक्त, नगर निगम भिलाई-चरोदा
Updated on:
24 Nov 2026, 2:28 PM IST
Published on: