
भिलाई. शहर में युवकों के दो पक्षों में जमकर मारपीट के बाद एक युवक की अपहरण की खबर से पुलिस महकमा रातभर परेशान रहा। अपहरण की खबर लगते ही शहर के सभी प्रमुख मार्गो व चौक-चौराहों में पुलिस ने तगड़ी नाकेबंदी कर दी थी। नाकेबंदी के बाद अल सुबह मामला प्रेम प्रसंग का निकला।
एक आरोपी गिरफ्तार, वहीं दूसरा फरार
पुलिस ने एक पक्ष के युवक चंदन कुमार की शिकायत पर आरोपी रवि कुमार और अमित शर्मा उर्फ चीकू के खिलाफ धारा 295, 506, 323,458,365, 34 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। दोनों आरोपी खुर्सीपार थाना क्षेत्र के निवासी है। पुलिस ने अल सुबह एक आरोपी रविंद्र कुमार को गिरफ्तार कर लिया है वहीं दूसरा आरोपी अमित उर्फ फरार बताया जा रहा है।
खुर्सीपार का एक युवक और एक लड़की कुछ दिनों से लापता
जानकारी के अनुसार एक युवक सूर्यनारायण का एक लड़की से प्रेम प्रसंग चल रहा है। सूर्यनारायण और उसकी प्रेमिका कुछ दिनों से लापता है। उसी लड़की से आरोपी रविंद्र का भी प्रेम प्रसंग मामला बताया जाता है। बीती रात रवि कुमार अपने दोस्त अमित शर्मा उर्फ चीकू के साथ बाइक क्रमांक सीजी -07 बीडी-1112 से रात ढाई बजे खुर्सीपार पहुंचे और रविंद्र भट्ट से सूर्यनारायण के बारे में पूछताछ करने लगे। रविंद्र ने कहा कि वे सूर्यनारायण के बारे में कुछ नहीं जानते। इस पर युवकों ने उससे जमकर मारपीट की और बाइक में बैठाकर भाग गए। सुबह चार बजे उसके दोस्त चंदन कुमार ने खुर्सीपार थाने में इसकी शिकायत की।
आरोपी रविंद्र पावर हाउस स्टेशन से गिरफ्तार
शिकायत मिलते ही रातभर परेशान रही पुलिस फिर हरकत में आई और सुबह की गश्त टीम ने आरोपी रवि को देख लिया। वहीं पुलिस को देखते ही आरोपी भागकर पावर हाउस स्टेशन में छिप गया था। जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी का एक साथी अमित भागने में सफल हो गया।