भिलाई

Rain Alert: मौसम में होगा बड़ा बदलाव! 13, 14 व 16 मार्च को इस संभाग में हल्की बारिश की संभावना, आंधी और गरज-चमक की आशंका

Rain Alert: मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 13 मार्च से प्रदेश के मौसम में बदलाव शुरू हो सकता है। बस्तर संभाग में हल्की बारिश की संभावना है।

2 min read
Mar 12, 2026
Rain Alert
फिर बारिश का अलर्ट (Photo Source- Patrika)

Rain Alert: दुर्ग जिले में गर्मी का असर तेज होने लगा है। फिलहाल मौसम शुष्क बना हुआ है और तापमान में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। बुधवार को जिले का अधिकतम तापमान 38.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 3.8 डिग्री अधिक है। तेज गर्म हवा के कारण लोगों को करीब 40 डिग्री सेल्सियस जैसा तापमान महसूस हुआ।

मौसम विभाग के अनुसार, न्यूनतम तापमान 19.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिनभर चलने वाली गर्म हवा के कारण दिन के साथ-साथ अब रातें भी गर्म होने लगी हैं। बढ़ती गर्मी के चलते लोगों ने घरों और दफ्तरों में कूलर और एसी का इस्तेमाल शुरू कर दिया है।

मौसम प्रणालियों का असर

प्रदेश के ऊपर फिलहाल ऊपरी हवा में चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। इसके साथ ही एक द्रोणिका दक्षिण झारखंड से उत्तर छत्तीसगढ़ होते हुए ओडिशा तक फैली हुई है। मौसम विभाग के अनुसार इन मौसम प्रणालियों के कारण आने वाले दिनों में मौसम में कुछ बदलाव देखने को मिल सकता है, हालांकि फिलहाल दुर्ग जिले में मौसम शुष्क बना रहेगा।

दुर्ग संभाग में गर्मी का असर अधिक

मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में अगले तीन दिनों तक अधिकतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा, लेकिन बस्तर संभाग को छोडक़र अधिकांश क्षेत्रों में तापमान में हल्की वृद्धि हो सकती है। बस्तर संभाग में दक्षिण दिशा से आने वाली नमी वाली हवाओं के कारण निचले स्तर पर हल्के बादल बने हुए हैं, जिससे वहां तापमान अपेक्षाकृत स्थिर है।

Rain Alert: 13 मार्च के बाद बदल सकता है मौसम

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 13 मार्च से प्रदेश के मौसम में बदलाव शुरू हो सकता है। बस्तर संभाग में हल्की बारिश की संभावना है। इसके बाद 14 से 16 मार्च के बीच दुर्ग सहित मध्य और उत्तर छत्तीसगढ़ के कुछ स्थानों पर हल्की वर्षा हो सकती है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। कुछ क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ अंधड़ और वज्रपात की भी आशंका जताई गई है।

दुर्ग जिले में गर्मी धीरे-धीरे बढ़ रही है और मौसम शुष्क बना हुआ है। सप्ताह के मध्य में हल्के बादल और कहीं-कहीं हल्की बारिश से लोगों को थोड़ी राहत मिलने की संभावना है। -एच.पी. चंद्रा, मौसम वैज्ञानिक, आईएमडी

Updated on:
12 Mar 2026 07:05 pm
Published on:
12 Mar 2026 06:30 pm