
राजनांदगांव. बसंतपुर के राजीव नगर वार्ड में बड़े नाले का निर्माण कार्य शुरू हो गया है। ज्ञात हो कि 14 वर्षों से यह कार्य अधूरा पड़ा था। कभी फंड आता था तो कभी रूका रहता है। यहीं नहीं इसके निर्माण के लिए 4 से 5 ठेकेदार बदलते रहे। यहां रहने वालें लोग बार-बार गुहार करते थक चुके थे। पत्रिका में खबर प्रकाशित होने के बाद निगम अमले ने तुरंत कार्रवाई शुरू कर दी है और इसका निर्माण कार्य शुरू हो गया।
14 वर्ष पूर्व निर्माण के लिए राशि एवं घोषणा
जानकारी के अनुसार इस कार्य के लिए 14 वर्ष पूर्व निर्माण के लिए राशि एवं घोषणा प्रस्तावित हुई थी। यहां नाली निकासी का साधन भी नहीं है। नालियां जाम होकर बदबू फैला रही हैं। सबसे बड़ी बात यह है कि पूरे बसंतपुर वार्ड की आधी आबादी यहां निवास करती है। पहले नाले के निर्माण कार्य का ठेका सरदार के पास था। अब इसका ठेका संदीप जैन को दिया गया है। माह दो माह के अंदर पेंडिंग कार्य पूरा अर्थात निर्माण कार्य पूर्ण हो जाएगा।
अब मिलेगी वार्डवासियों को राहत
दो माह में इसके निर्माण का लक्ष्य रखा गया है। इसके बाद वार्डवासियों को समस्या से राहत मिल जाएगी। इस नाले में बहुत सारी जलकुंभ को डेरा हो गया था जिसके कारण यहां का पानी आगे की ओर नहीं जा पा रहा था। अब धीरे-धीरे कर उसे हटाया गया है और नाले के आसपास बाऊंड्रीवाल जैसे बनाया जा रहा है। ऐसा हो जाने के बाद बरसात में किसी के भी घर यहां का पानी नहीं जाएगा।
हो जाएगा कार्य
राजीव नगर वार्ड के पार्षद देवशरण सेन ने बताया कि पहले ठेकेदार को बदल कर दूसरे ठेकेदार संदीप जैन को काम दिया गया है। माह दो माह का कार्य बचा है वह भी जल्द ही हो जाएगा। बरसात के पहले कार्य हो जाएगा।
पेंडिंग कार्य शुरू हुआ
आयुक्त नगर निगम राजनांदगांव अश्वनी देवांगन ने कहा कि मेरी जानकारी के अनुसार बसंतपुर के राजीव नगर वार्ड में बड़े नाले का पेंडिंग कार्य शुरू हो चुका है। इसके निर्माण के लिए राशि किश्तों में आ रही थी। इसके चलते कार्य पूर्ण नहीं हो पाया था।