भिलाई

यूथ कांग्रेस में वर्चस्व की जंग, पहली बार 6 पदों पर एक साथ मतदान, भूपेश बघेल समेत नेताओं ने झोंकी ताकत

Youth Congress Polls: दुर्ग जिले में यूथ कांग्रेस के संगठन चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। संगठन के इतिहास में पहली बार ब्लॉक अध्यक्ष से लेकर प्रदेश अध्यक्ष तक छह पदों के लिए एक साथ मतदान कराया जाएगा।

2 min read
Jun 14, 2026
Chhattisgarh Youth Congress
6 पदों पर एक साथ मतदान: Chhattisgarh Youth Congress (फोटो सोर्स: पत्रिका)

Youth Congress Election: यूथ कांग्रेस के संगठन चुनाव को लेकर जिले में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। संगठन के इतिहास में पहली बार ब्लॉक अध्यक्ष से लेकर प्रदेश अध्यक्ष तक छह पदों के लिए एक साथ चुनाव कराए जाएंगे। इस नई व्यवस्था ने संगठन के भीतर प्रतिस्पर्धा को और रोचक बना दिया है। दुर्ग जिले के प्रभावशाली नेताओं ने अपने-अपने समर्थकों को मैदान में उतारकर चुनावी तैयारी शुरू कर दी है। संगठन के महत्वपूर्ण पदों पर अपने समर्थकों को बैठाने के लिए विभिन्न गुट सक्रिय रूप से रणनीति बनाने में जुटे हैं।

दुर्ग जिला लंबे समय से प्रदेश कांग्रेस की राजनीति का अहम केंद्र माना जाता है। ऐसे में संगठन चुनाव को नेताओं की प्रतिष्ठा और राजनीतिक प्रभाव से जोडक़र देखा जा रहा है। बताया जा रहा है कि कई वरिष्ठ नेताओं के समर्थक अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों में बैठकों का दौर चला रहे हैं और सदस्यता अभियान के जरिए अपने पक्ष में माहौल बनाने का प्रयास कर रहे हैं।

Durg Youth Congress Election: वर्चस्व की लड़ाई में सक्रिय हुए गुट

चुनाव को लेकर जिले में विभिन्न नेताओं के समर्थक सक्रिय हो गए हैं। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के समर्थक संगठन में अपना प्रभाव बनाए रखने के लिए रणनीति तैयार कर रहे हैं। उनके पुत्र चैतन्य बघेल और जिला कांग्रेस अध्यक्ष राकेश ठाकुर लगातार संगठनात्मक गतिविधियों में जुटे हुए हैं। वहीं पूर्व गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू और भिलाई विधायक देवेंद्र यादव के समर्थक भी अपने-अपने क्षेत्रों में कार्यकर्ताओं के बीच सक्रिय हैं।

पूर्व विधायक अरुण वोरा से जुड़े नेता भी प्रभाव वाले इलाकों में संगठनात्मक समीकरण साधने में लगे हैं। चुनाव में जीत का बड़ा आधार सदस्यता संख्या होगी, इसलिए सभी गुट अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं को एप से जोडऩे पर जोर दे रहे हैं। साथ ही संभावित उम्मीदवारों के पैनल भी तैयार किए जा रहे हैं, ताकि संगठन की कमान अपने समर्थक नेतृत्व के हाथों में रखी जा सके।

डिजिटल सदस्यता और मतदान पर रहेगा फोकस

इस बार ब्लॉक अध्यक्ष, विधानसभा अध्यक्ष, जिला अध्यक्ष, जिला महामंत्री, प्रदेश अध्यक्ष और प्रदेश महामंत्री पदों के लिए एक साथ मतदान होगा। प्रत्येक सदस्य इन सभी पदों के लिए वोट डाल सकेगा। चुनाव प्रक्रिया पूरी तरह डिजिटल होगी। सदस्यता, मतदाता पंजीयन और प्रत्याशियों का नामांकन विथआईवायसी ऐप के माध्यम से किया जाएगा। इच्छुक उम्मीदवार निर्धारित शुल्क जमा कर नामांकन दाखिल कर सकेंगे।

Updated on:
14 Jun 2026 10:13 am
Published on:
14 Jun 2026 10:06 am