भिलाई

भिलाई के व्यापारी पर हमले की साजिश जेल में रची गई थी

सुपेला आकाशगंगा में सिंध मोबाइल दुकान के संचालक पर रेडियम कटर से वार करने वाले नाकाबपोशों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
2 min read
• •
Updated: 7 Jul 2018, 11:08 PM IST
Bhilai crime
भिलाई के व्यापारी पर हमले की साजिश जेल में रची गई थी

भिलाई. सुपेला आकाशगंगा में सिंध मोबाइल दुकान के संचालक पर रेडियम कटर से वार करने वाले नाकाबपोशों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। जेल में बंद अमित जोश के इशारे पर उसके दोस्त श्रवण कुमार मंडल ने अपचारी के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 324 के तहत जुर्म दर्ज किया है।

दुकान के सीसीटीवी फुटेज में पूरी वारदात नजर आ गई

क्राइम ब्रांच थाना प्रभारी भावेश साव ने बताया कि गोल मार्केट वैशाली नगर निवासी सुनील चेलानी गुरुवार 5 जुलाई को दुकान पर थे तभी नकाबपोश लड़का आया। उसने सुनील के चेहरे पर रेडियम कटर से वार किया और भागा। पास ही उसका साथी अपचारी बाइक स्टार्ट करके खड़ा था, दोनों वहां से निकल गए। नकाबपोश सेक्टर 6 सड़क 7 क्वाटर 1/एन निवासी श्रवण पिता जयदेव मंडल (22) था। लहूलुहान व्यापारी सुनील को देख आकाशगंगा व्यावसायिक क्षेत्र में आक्रोश हो गया। दुकान के सीसीटीवी कैमरे में कैद आरोपियों के फुटेज में पूरी वारदात नजर आ गई।

पुराने विवाद में समझौता नहीं किया तो जेल से व्यापारी पर कराया हमला
आरोपी श्रवण ने पुलिस को बताया कि 25 नवम्बर को अमित जोश व सुनील रामटेके मिलकर सुनील चेलानी पर हमला किया था। उसकी शिकायत पर सुपेला थाना पुलिस ने धारा 307 के तहत जुर्म दर्ज किया था। आरोपी जेल से ही सुनील पर समझौता करने का दबाव बना रहा था। जब सुनील तैयार नहीं हुआ तब उसपर हमले की साजिश रची। 3 जुलाई को श्रवण की जेल में बंद आरोपी अमित जोश से मुलाकात हुई। वहीं श्रवण धमकाने के इरादे से सुनील पर हमला करने राजी हो गया और अपचारी बालक के साथ मिलकर हमला किया था।

ऐसे दिया वारदात को अंजाम
श्रवण ने 15 वर्षीय अपचारी को झांसे में लिया। वह नशे का आदी था और साईं मंदिर के आसपास छीना-झपटी करता था। कई बार पुलिस उसे पकड़ चुकी है। श्रवण ने मौके से बाइक पर निकलने के लिए अपचारी को तैयार कर लिया।

एएसपी शहर विजय पांडेय ने बताया कि घटना स्थल से सीसीटीवी फुटेज हाथ लगे। प्रार्थी से पूर्व में मारपीट के आरोपियों की कुंडली खंगाली गई। तब जाकर जेल में बंद आरोपी से कनेक्शन मिला। जेल के सीसीटीवी फुटेज से पुष्टि हो गई। आरोपी पकड़े गए।

Published on: