
राजनांदगांव. बारहवीं बोर्ड में टॉप टेन में शामिल अम्बागढ़ चौकी की छात्रा आस्था लाटा ने कलक्टर भीम सिंह से कहा कि वह उनकी सीट पर बैठना चाहती है, छात्रा की इस बात पर मुस्कुराते हुए कलक्टर ने उसे शुभकामनाएं दीं। दरअसल, जिले के टॉपर्स ने आज सुबह कलक्टर सिंह से मुलाकात की। इस दौरान कलक्टर ने सभी बच्चों से उनके लक्ष्य को लेकर बात की। खैरागढ़ के टॉपर नोहर साहू ने बताया कि वह शिक्षक बनना चाहता है। नोहर ने जानकारी दी कि उसकी पेंटिंग में भी रूचि है। वह पोट्रेट भी अच्छा बना लेता है लेकिन शिक्षक बनकर वह बच्चों का भविष्य बनाना चाहता है।
लोगों की दुख तकलीफ देखकर बहुत बुरा लगता
बाजार अतरिया की छात्रा चंचल ने कलेक्टर को बताया कि वे डॉक्टर बनना चाहती है। चंचल ने बताया कि उन्हें लोगों की दुख तकलीफ देखकर बहुत बुरा लगता है। वे डॉक्टर बनकर उनकी समस्याएं ध्यान से सुनकर उनकी बीमारी जल्दी से दूर कर देंगी।
ब्रह्मांड में गहरी रुचि
बारहवीं के टॉपर घनश्याम वर्मा एस्ट्रानामर बनना चाहता है। घनश्याम ने बताया कि नोबल पुरस्कार प्राप्त एस. चंद्रशेखर की थ्योरी उसे विशेष रूप से पसंद आई जिसके बाद उसकी ब्रह्मांड में गहरी रुचि पैदा हुई। घनश्याम ने बताया कि वो आइशर पुणे में पढ़ाई करना चाहता है इसके बाद एस्ट्रोफिजिक्स के अध्ययन के लिए हैदराबाद जाना चाहता है।
अमन सुषमाकर साइंटिस्ट बनना चाहता
हाईस्कूल में पूरे प्रदेश में नवां स्थान बनाने वाले शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला शंकरपुर के अमन सुषमाकर ने बताया कि वो साइंटिस्ट बनना चाहता है। उनके स्कूल की प्राचार्य वर्षा शर्मा ने बताया कि अमन में अपने काम को लेकर जबर्दस्त जुनून है। वो साइंस में गहरी रुचि रखता है और खूब मन लगाकर पढ़ता है।
नाराजगी जाहिर की थी, इस बार दे दिया टॉपर
हाईस्कूल और हायर सेकेंडरी स्कूलों में बेहतर नतीजे के लिए कलक्टर भीम सिंह द्वारा ली जाने वाली मैराथन बैठकों का असर इस बार नतीजों में नजर आया है। आज अपने स्कूल डॉ. पदुमलाल पन्नालाल बख्शी हायर सेकेंडरी स्कूल के टॉपर और पूरे प्रदेश में पांचवें स्थान पर चयनित नोहर के साथ कलक्टर भीम सिंह से मिलने पहुंची स्कूल की प्राचार्य नीरजा तिवारी ने बताया कि स्कूल का बेहतर प्रदर्शन हो इसके लिए समीक्षा बैठक में बताई गई सभी बातों पर क्रियान्वयन किया गया।
मिलेगी एक लाख रुपए की स्कालरशिप
नोहर के पिता खैरागढ़ ब्लाक के पेंड्रीकला गांव से हैं और निर्माणी श्रमिक हैं। उनका छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार मंडल में पंजीयन है। मेरिट में जगह बनाने पर उन्हें एक लाख रुपए मंडल की ओर से दिए जाएंगे। इसके साथ ही उन्हें मेधावी छात्र योजना के अंतर्गत दस हजार रुपए भी मंडल की ओर से दिए जाएंगे।