भिलाई

Chhattisgarh News: पूर्व सीएम भूपेश बघेल के गृह ग्राम में फैला उल्टी-दस्त, 51 लोग बीमार, 21 अस्पताल में भर्ती

Chhattisgarh News: गांव में अचानक कई लोगों के बीमार पड़ने के बाद स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड पर आ गया है। प्रभावित लोगों का इलाज जारी है

2 min read
May 13, 2026
उल्टी-दस्त से पीड़ित लोग अस्पताल में भर्ती (Photo Patrika)

Chhattisgarh News: पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के गृहग्राम बेलौदी, गाडाडीह विकासखंड पाटन में उल्टी-दस्त के मामलों से स्वास्थ्य विभाग में हडक़ंप मच गया है। गांव में अब तक 51 मरीजों में संक्रमण जैसे लक्षण पाए गए हैं, जिनमें से 21 लोगों को विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। सूचना मिलते ही स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया।

Chhattisgarh News: गांव पहुंचकर जांच

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार सीएचसी पाटन में 12 मरीज, गाड़ाडीह में 4, सेलूद के निजी अस्पताल में 3 तथा रायपुर के अस्पतालों में 2 मरीजों का उपचार चल रहा है। जिला सर्विलांस अधिकारी डॉ. सीबीएस बंजारे, जिला महामारी समन्वयक रितिका सोनवानी, बीएमओ डॉ. भुवनेश्वर कुमार कठौतिया और गाडाडीह के चिकित्सा अधिकारी डॉ. मिर्धा ने गांव पहुंचकर जांच की।

पेयजल व्यवस्था और पाइपलाइन की जांच

स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव में पेयजल आपूर्ति, पाइपलाइन लीकेज और अन्य संभावित कारणों की जांच कर रही है। अधिकारियों ने ग्रामीणों से सतर्कता बरतने और उबला हुआ पानी पीने की अपील की है। जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण कर आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।

गौरतलब है कि बेलौदी गांव में सोमवार से कै-दस्त के 50 से अधिक मरीज सामने आए हैं। वर्तमान में कई मरीजों का इलाज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पाटन और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र गाड़ाडीह में चल रहा है। वहीं स्वास्थ्य विभाग द्वारा गांव में विशेष स्वास्थ्य शिविर लगाकर लगातार जांच और उपचार किया जा रहा है।

सावधानी बरतने की अपील

सीएमएचओ मनोज दानी ने लोगों से मौसम को देखते हुए बासी भोजन और बाहर खुले में बिकने वाले खाद्य पदार्थों से बचने की अपील की है। अधिकारियों ने साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने और किसी भी प्रकार की उल्टी-दस्त की शिकायत होने पर तुरंत डॉक्टर से संपर्क करने की सलाह दी है।

गुपचुप खाने से 25 लोग बीमार

हाल ही एक खबर सामने आई थी जिसमें पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के गृह ग्राम बेलौदी में दूषित खाद्य पदार्थ के सेवन से हड़कंप मच गया। गांव के साप्ताहिक बाजार में ठेले से चाट-गुपचुप खाने के बाद करीब 25 ग्रामीण अचानक उल्टी-दस्त की चपेट में आ गए। देखते ही देखते बीमारों की संख्या बढ़ने लगी, जिसकी सूचना मिलते ही स्वास्थ्य महकमे में अफरा-तफरी मच गई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए विभाग की टीम तत्काल सक्रिय हुई और गांव पहुंचकर राहत कार्य शुरू किया।

Published on:
13 May 2026 02:50 pm
Also Read
View All