भिलाई

फिरौती मांगने का मामला : जेल में बंद है तो क्या हुआ, रंगदारी तो वहां से भी चल रही

जेल में रहते फिरौती और दबावपूर्वक जमीन सौदा कर अनुबंध करने के मामले मे केस रजिस्टर्ड होने से कानून व्यवस्था की पोल खुल गई है।
3 min read
• •
Updated: 6 Jul 2018, 11:50 AM IST
Bhilai patrika
फिरौती मांगने का मामला : जेल में बंद है तो क्या हुआ, रंगदारी तो वहां से भी चल रही

दुर्ग. जेल में रहते जिस जमीन को गैंगस्टर तपन सरकार ने अपने गुर्गो के नाम से अनुबंध किया है उन्हें पुलिस अब तक नहीं खोज पाई है। जेल में रहते फिरौती और दबावपूर्वक जमीन सौदा कर अनुबंध करने के मामले मे केस रजिस्टर्ड होने से कानून व्यवस्था की पोल खुल गई है। इस गैंगस्टर को लंबे समय तक जगदलपुर और बिलासपुर जेल में रखा गया था। करीब दो वर्ष से सेंट्रल जेल दुर्ग में रखा गया है।

यश गु्रप के डायरेक्टर और गैंगस्टर दोनों सेंट्रल जेल में
चर्चा इस बात की है कि यश गु्रप के डायरेक्टर अमित श्रीवास्तव ने योजनाबद्ध तरीके से बंधक जमीन को तपन के साथ मिलकर उसके गुर्गों के नाम पर की है। यश गु्रप के डायरेक्टर और गैंगस्टर दोनों सेंट्रल जेल में हैं। यश गु्रप की सारी प्रापर्टी को शासन ने सीज कर रखा है। सीज संपत्ति की कीमत 16 करोड़ रुपए आंकी गई है। जबकि यश गु्रप के डायरेक्टर ने 100 करोड़ कीमत होने का दावा किया है। जनवरी में अमित श्रीवास्तव हबीबगंज रेलेव स्टेशन से फरार हो गया था। चार दिन बाद आत्मसर्पण कर दिया था। पुलिस को संदेह है कि फरारी के दौरान ही उसने अपनी संपत्ति को सेंटलमेंट किया और जेल से छूटने के लिए मोटी रकम की व्यवस्था की ।

घातक हथियार भी जब्त

गंजपारा निवासी शैलेष तिवारी व अन्नू दुबे तपन सरकार के करीबी माने जाते हैं। पुलिस ने बताया कि शैलेष तिवारी के खिलाफ आधा दर्जन अपराध दर्ज है। दुर्ग सिटी कोतवाली पुलिस ने वर्ष २००७-८ में शैलेष व उसके चार अन्य साथियों को डकैती की योजना बनाते गिरफ्तार किया था। उनके पास से घातक हथियार भी जब्त किया गया था।

ऐसे चलता है तपन का कारोबार
चर्चा है कि तपन सरकार की दबंगई केवल दुर्ग-भिलाई नहीं अन्य जिला में भी है। आमतौर पर वह बड़े सौदों में डिलिंग करता है। गुर्गे भेजकर जमीन का सौदा कम कीमत में करता है और उसे ऊंची कीमत में बेचता है। अगर किसी बड़ी पार्टी का सौदा तय नहीं हो रहा है तो उसके लिए ठेका लिया जाता है। यह सारा खेल जेल के भीतर से संचालित होता है।

जांच में गोपनीयता बरत रही पुलिस
मामले में पुलिस जांच में गोपयनीता बरत रही है। पुलिस के अधिकारी जांच के संबंध में पूछने पर उच्च अधिकारियों की ओर इशार कर रहे हैं। जानकारी के मुताबिक पुलिस एफआईआर में आए चार मोबाइल नंबरों का कॉल डिटेल निकाल रही है। कॉल डिटेल के आधार पर आगे की जांच की दिशा तय करने में पुलिस को मदद मिलेगी।

जेल में इनका राज
दुर्ग केन्द्रीय जेल में तपन का राज चलता है। बताया जाता है कि अगर जेल में सुविधा चाहिए तो पहले तपन से मिलना होता है। इसके बाद ही तय किया जाता है कि किस आरोपी को किस तरह की सुविधा दी जाए। जेल में सुरक्षित रहना है तो तपन गैंग से हाथ मिलाना वहां के कैदियों की मजबूरी होती है। जमीन कारोबारी सीतश चंद्राकर की शिकायत पर तपन व उसके गुर्गों के खिलाफ सुपेला और सिटी कोतवाली थाना में दो अलग अलग एफआइआर दर्ज किया गया है। सुपेला थाना में कूटरचना कर धोखाधड़ी करने और सिटी कोतवाली दुर्ग में उगाही करने के मामले में अपराध दर्ज किया गया है। पुलिस ने अब तक एक ही आरोपी को गिरफ्तार किया है। शेष आरोपियों को पुलिस फरार बता रही है। एएसपी(शहर) विजय पांडेय का अभी सिर्फ इतना ही कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। इसलिए अभी और कुछ ज्यादा नहीं बताया जा सकता।

एक पर गैंगरेप का भी आरोप
बताया जाता है कि एलबी वर्मा और तपन सरकार की जान पहचान कुछ वर्ष पहले ही हुई है। एलबी वर्मा ने स्वयं को अधिवक्ता बताया है। उसका स्वयं का कार्यालय भी है। दो वर्ष पहले एलबी वर्मा हेल्थ प्रोडक्ट बेचने वाली युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म के मामले में जेल जा चुका है। कहा जाता है कि जेल में रहने के दौरान ही तपन से उसकी दोस्ती हुई।

कहीं इस बंधक जमीन का भी तो सौदा नहीं हुआ
उमदा में १७ एकड़
कुम्हारी में २.५० एकड़
प्रियदर्शनीय परिसर में १०५०० वर्गफीट
अंजोरा में ११.५० एकड़
अम्लेश्वर में १७ एकड़

Published on: